best news portal development company in india

CM vs भुल्लर: इस्तीफे और गिरफ्तारी पर आमने-सामने बयानबाजी ; मान बोले- इस्तीफा लिया, भुल्लर ने पोस्ट डाली- मैंने खुद दिया; गिरफ्तारी को भी बताया सरेंडर

SHARE:

जालंधर-  वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप रंधावा सुसाइड केस के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में खींचतान जैसे हालात नजर आ रहे हैं। सुसाइड जैसे गंभीर केस के आरोपी पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर सीधे CM भगवंत मान के दावों की हवा निकाल रहे हैं। भुल्लर ने इस्तीफे से लेकर गिरफ्तारी तक के सीएम के हर दावे को खारिज कर दिया।

वहीं, CM भगवंत मान करप्शन पर सख्त एक्शन को लेकर पार्टी और सरकार की तारीफ में तेवर तो दिखा रहे हैं, लेकिन उनमें लालजीत भुल्लर का नाम लेने से बच रहे हैं। सीएम ने इस्तीफा और फिर गिरफ्तारी में गोलमोल तरीके से ही सोशल मीडिया पर लिखा। इसके अलावा सरकार की तरफ से अभी भुल्लर के इस्तीफे की कॉपी तक बाहर नहीं आई है।

सियासी गलियारों में चर्चा है कि भुल्लर सरकार के बजाय पार्टी को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। उन्होंने इस्तीफा देते वक्त भी पार्टी की ही तारीफ की थी। वहीं, जब भुल्लर पर केस दर्ज हुआ तो पता चला कि उन्होंने पट्‌टी स्थित अपने ऑफिस में सिर्फ अरविंद केजरीवाल की फोटो लगाई है। वहां से CM भगवंत मान गायब हैं।

इस्तीफा, गिरफ्तारी और सरेंडर में CM और पूर्व मंत्री के एक-दूसरे के उलट बयान से इसे अंदरूनी खींचतान माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी के तमाम नेता इस पर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। वहीं एक और अहम बात यह भी है कि पिछली 4 साल की सरकार में AAP ने 2 मंत्रियों और 2 विधायकों पर करप्शन के आरोप में कार्रवाई की, लेकिन उन्हें पार्टी से नहीं निकाला।

मान ने कहा- मैंने मंत्री से इस्तीफा मांगा

सीएम मान ने 21 मार्च को एक्स पर लिखा और फिर चंडीगढ़ में प्रैस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अमृतसर में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला मैनेजर की आत्महत्या का मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद दुखद घटना है और हमारी पूरी सहानुभूति पीड़ित परिवार के साथ है। लेकिन किन कारणों से उन्होंने यह कदम उठाया, यह जांच का विषय है।

जांच की निष्पक्षता और पवित्रता बनाए रखने के लिए हमने मंत्री से इस्तीफा मांग लिया है। हम नहीं चाहते कि जांच के दौरान कोई भी अपने पद का इस्तेमाल करके गवाहों या सबूतों को प्रभावित करे या किसी पर दबाव डाले। मैं फिर से दोहराता हूं कि ऐसी कोई भी हरकत जिससे किसी की जान जाए, उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने राजनीति या पार्टियां इस काम के लिए नहीं बनाई थीं। किसी भी सरकारी अधिकारी को इतना मजबूर नहीं किया जाना चाहिए कि वह अपनी जीवनलीला ही समाप्त कर ले।

भुल्लर ने कहा- मैंने इस्तीफा दिया, सीएम स्वीकार करें

CM मान के बयान के कुछ समय बाद ही लालजीत भुल्लर ने फेसबुक पर पोस्ट कर इसका जवाब दे दिया। भुल्लर ने लिखा- मेर ऊपर लगे आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है। हमारी पार्टी हमेशा सच के साथ खड़ी रहती है।

मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ लगे आरोपों की ठीक से जांच हो ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। मैं नहीं चाहता कि मेरे मंत्री पद पर रहते हुए जांच प्रभावित हो। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि मेरा इस्तीफा स्वीकार करें ताकि मेरा पद जांच में बाधा न बने।

लालजीत भुल्लर ने सरेंडर करने को लेकर डाली पोस्ट।
लालजीत भुल्लर ने सरेंडर करने को लेकर डाली पोस्ट।

मान ने कहा- किसी पद पर हो, सख्त कार्रवाई होगी

23 मार्च भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद सीएम भगवंत मान ने X पर पोस्ट डाली। CM मान ने लिखा- मेरे लिए पूरा पंजाब एक परिवार है। पंजाब में यदि कोई भी कानून का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर हो या मेरा कोई करीबी रिश्तेदार या प्रभावशाली व्यक्ति ही क्यों न हो।

किसी की पैरवी करना हमारी पार्टी का एजेंडा नहीं है। कैश और सिफारिश की सख्त मनाही है। CM मान की यह पोस्ट सीधे तौर पर भुल्लर की गिरफ्तारी से जाेड़ी गई लेकिन CM ने इस पोस्ट में कहीं भी गिरफ्तार शब्द का इस्तेमाल तक नहीं किया।

भुल्लर ने कहा- मैंने सरेंडर किया है

लालजीत भुल्लर ने गिरफ्तारी की चर्चाओं पर लिखा- मैंने हमेशा अपने हर कदम की शुरुआत परमात्मा को हाजर-नाजर मानकर की है। मेरे लिए मेरे लोग ही मेरा रब हैं, उनके चेहरों में मैंने हमेशा भगवान की झलक देखी है। मेरी जिंदगी का हर फैसला उनकी भलाई और सच्चाई के रास्ते पर चलने के लिए ही रहा है।

लेकिन आज जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि मैं फरार हो गया हूं, यह सच नहीं है। मैं कभी भी सच्चाई से भागने वाला नहीं हूं। मुझे देश के कानून पर पूरा भरोसा है और न्याय प्रणाली पर भी अटूट विश्वास है। मैं कहीं भी नहीं भागा हूं, मैं अपने पंजाब में ही हूं। सच्चाई और इंसाफ पर यकीन रखते हुए, मैं खुद मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण कर रहा हूं।

पुलिस बोली- गिरफ्तार किया, सरेंडर भी प्रेशर में ही होता है

भुल्लर ने सरेंडर की बात कही लेकिन अमृतसर पुलिस ने भुल्लर को गिरफ्तार करने के CM के दावे की पुष्टि की है। अमृतसर के DCP (इन्वेस्टिगेशन) रविंदरपाल सिंह ने कहा- लालजीत सिंह भुल्लर को फतेहगढ़ साहिब पुलिस की मदद से मंडी गोविंदगढ़ से गिरफ्तार किया है।

उनसे पूछा गया कि लालजीत भुल्लर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उन्होंने सरेंडर किया है, इस पर डीसीपी ने कहा कि अमृतसर पुलिस की टीम में लगातार काम कर रही थी। उसके बाद फतेहगढ़ साहिब पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार किया गया। DCP ने कहा कि अगर कोई आरोपी सरेंडर भी करता है तो पुलिस के प्रेशर में ही करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई