जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश की वजह से बुधवार को अमरनाथ यात्रा रूट पर लैंडस्लाइड हुई। गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग पर हुए भूस्खलन में एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी के बाद अमरनाथ यात्रा गुरुवार को दिनभर के लिए रोक दी गई। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से पटरियों की तुरंत मरम्मत किए जाने की जरूरत है। इस वजह से फैसला किया गया है कि आज दोनों रूटों पर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जम्मू-कश्मीर में बुधवार को अमरनाथ यात्रा रूट पर हुई लैंडस्लाइड में 1 महिला की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए।
हालांकि, पंचतरणी कैंप में रुके यात्रियों को BRO और पर्वतीय बचाव दलों के साथ बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर ने बताया कि दिन में मौसम की स्थिति के आधार पर शुक्रवार से यात्रा फिर शुरू होगी। अब तक 2.47 लाख तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।








