होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में भयानक हादसा हुआ है। यहां थार दो युवकों के लिए मौत साबित हुई। वीरवार रात माहिलपुर-फगवाड़ा रोड पर गांव पालदी के पास एक थार हादसे का शिकार हो गई। थार में 17 और 18 साल के दो युवक सवार थे और दोनों की ही मौत हो गई। मृतकों में गांव ढाडा खुर्द के सरपंच के इकलौते बेटे समेत दो युवक शामिल हैं।
थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि हर्षवीर सिंह मान अपने दोस्त हरसिमरन सिंह के साथ थार गाड़ी (पीबी 08 एफसी 0079) पर सवार होकर माहिलपुर से अपने गांव ढाडा खुर्द जा रहा था। जब वे गांव पालदी के पास पहुंचे तो उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हर्षवीर सिंह मान को सिविल अस्पताल होशियारपुर लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल हरसिमरन सिंह को सिविल अस्पताल माहिलपुर लाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे होशियारपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उसे लुधियाना के डीएससी अस्पताल रेफर कर दिया गया, वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।








