best news portal development company in india

अमृतसर पुलिस ने खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में एक नाबालिग समेत दो आरोपी दबोचे

SHARE:

अमृतसर में खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के आरोप में एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने प्रतिबंधित SFJ प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर यह काम किया।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात अमृतसर शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए थे। इस मामले में प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) के अमेरिका में रह रहे प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली।

24 घंटे में मिली सफलता

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बटाला के दरगाबाद गांव के रहने वाले 22 वर्षीय जशनप्रीत सिंह और एक 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी विदेश में रह रहे शमशेर सिंह उर्फ शेरा मान के संपर्क में थे. पन्नू के कहने पर शेरा मान ने इन्हें यह काम करने के निर्देश दिए थे।
सोशल मीडिया से मिला था निर्देश

पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों को स्नैपचैट ऐप के जरिए नारे लिखने के निर्देश मिले थे। इसके बदले उन्हें भुगतान का वादा किया गया था, लेकिन पैसे कभी नहीं मिले। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों को सिर्फ बहलाया-फुसलाया गया और देश विरोधी काम में इस्तेमाल किया गया।

3 एफआईआर दर्ज

इस मामले में छावनी, डिवीजन-ए और सिविल लाइंस पुलिस थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब इस मामले में विदेश में बैठे मास्टरमाइंड्स तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पंजाब पुलिस राज्य में किसी भी तरह की देशविरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई