best news portal development company in india

फिरौती के लिए किडनैप किए शिमला के बिशप कॉटन स्कूल के तीनों बच्चे बरामद: किडनैपर गिरफ्तार

SHARE:

शिमला/करनाल।  हिमाचल प्रदेश के शिमला में फेमस बिशप कॉटन स्कूल (BCS) के तीनों लापता बच्चों को पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढ लिया। बच्चे रविवार को शिमला के ही कोटखाई के चैथला में मिले। पुलिस ने यहां से एक किडनैपर को गिरफ्तार किया, जिसने फिरौती के लिए तीनों को अगवा किया। तीनों को गाड़ी में ले गया था। गाड़ी की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।

आरोपी ने बच्चों के परिजनों को कॉल कर कहा था कि उनके बच्चों को खतरनाक आदमी ने गिरफ्तार किया है। वह उनको बच्चों तक पहुंचा सकता है, लेकिन व्यक्ति पैसे मांग रहा है। हालांकि आरोपी ने ये नहीं बताया था कि कितने पैसे मांगे हैं। आरोपी की पहचान सुमित सूद के तौर पर हुई, जो शिमला के लोअर बाजार का रहने वाला है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं बच्चों का मेडिकल किया जा रहा है।

तीनों बच्चे छठीं क्लास के स्टूडेंट हैं। इनमें एक हिमाचल के कुल्लू, दूसरा पंजाब के मोहाली और तीसरा हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। इन बच्चों के नाम अंगद, हितेंद्र और विदांश हैं। अंगद करनाल का रहने वाला है। उसके चाचा हरियाणा कांग्रेस के नेता हैं।

पुलिस ने किडनैपर (लाल घेरे में) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने किडनैपर (लाल घेरे में) को गिरफ्तार कर लिया है।

रक्षाबंधन के दिन आउटिंग गेट पास लेकर घूमने निकले थे

पुलिस के मुताबिक ये तीनों रक्षाबंधन के दिन (9 अगस्त) दोपहर 12:09 बजे आउटिंग गेट पास लेकर माल रोड तक घूमने के लिए गए थे। आउटिंग गेट पास की सीमा 5 बजे खत्म होने के कई घंटे तक तीनों वापस नहीं लौटे। इसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन उन्हें अपने स्तर पर तलाश करता रहा, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद न्यू शिमला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने छात्रों की तलाश शुरू की। SHO मनोज ने कहा के CCTV फुटेज में तीनों बच्चे लास्ट बार स्कूल के मेन गेट पर दिखे थे। तीनों बच्चों के परिजन शिमला पहुंचे पुलिस से जानकारी मिलने के बाद रविवार को बच्चों के परिजन शिमला पहुंचे। वह स्कूल से एक किलोमीटर दूर होटल में ठहरे हैं। परिजनों ने बताया था कि बच्चे घर भी नहीं आए। इसके कुछ देर बाद पुलिस ने बच्चों को बरामद कर लिया।

इस गाड़ी में आरोपी बच्चों को ले गया। उसने गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।
इस गाड़ी में आरोपी बच्चों को ले गया। उसने गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।

स्कूल के प्रिंसिपल की शिकायत मिली, टीमें बनाई

शिमला पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल मैथ्यू पी जॉन ने बच्चों के लापता होने की लिखित शिकायत दी थी। न्यू शिमला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। विभिन्न टीमों का गठन किया।

घर में रेड की, तीनों बच्चे सुरक्षित बरामद किए

पुलिस ने बताया कि लापता बच्चों को ट्रैक करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। खास सुराग मिलने पर पुलिस टीमों ने कोटखाई में एक घर को चिह्नित किया, जहां से सुबह बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

DGP ने की टीम की सराहना

हिमाचल पुलिस के DGP अशोक तिवारी ने शिमला पुलिस की तारीफ की। उन्होंने कहा- शिमला SSP और पूरी शिमला पुलिस टीम को उनकी निष्ठा और मेहनत के लिए बधाई। यह सफलता हिमाचल प्रदेश पुलिस का नया चेहरा दर्शाती है। हिमाचल प्रदेश पुलिस नागरिकों के जीवन और सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

करनाल के अंगद के चाचा कांग्रेस नेता

किडनैप हुए बच्चों में शामिल अंगद करनाल के फुसगढ़ गांव का रहने वाला है। अंगद के पिता दलबीर की मौत 3 साल पहले हो चुकी है। दलबीर के भाई पप्पू लाठर करनाल के वॉर्ड 3 के पार्षद हैं। पप्पू लाठर कांग्रेस नेता हैं। लाठर पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के करीबी हैं। बताया जा रहा है कि लाठर के हिमाचल के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ अच्छे संबंध हैं। अंगद पिछले 2 साल से इसी स्कूल में पढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई