गुरुग्राम। फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस OTT विनर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार (17 अगस्त) की सुबह 6 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बाइक पर आए 3 बदमाशों ने एल्विश के घर पर 24 गोलियां चलाईं, जिनके खोल पुलिस को मौके से बरामद हुए हैं।
यह गोलियां एल्विश के घर की बालकनी, दीवारों और खिड़की और दरवाजों पर लगीं। जिस वक्त फायरिंग हुई घर में एल्विश नहीं थे। उनकी मां सुषमा यादव और केयरटेकर घर पर थीं। हालांकि घर के भीतर होने की वजह से उनकी जान बच गई।
फायरिंग का पता चलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीमें तुरंत एल्विश के घर पहुंची। गोलियों के खोल जब्त कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि एल्विश को पिछले दिनों में किसी तरह की धमकी मिलने की कोई जानकारी नहीं है।
शुरुआती जानकारी में इसके तार सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले से जोड़े जा रहे हैं। फाजिलपुरिया पर गोलियां चलाने वालों ने धमकी दी थी कि उसके करीबियों को भी निशाना बनाया जाएगा। एल्विश और फाजिलपुरिया करीबी दोस्त माने जाते हैं।

घर पर 12 से ज्यादा गोलियों के निशान मिले
एल्विश यादव के घर पर एक दर्जन से ज्यादा गोलियों के निशान मिले हैं। गोली लगने से शीशे का दरवाजा टूट गया है। छत की सीलिंग और दीवार, दरवाजों पर भी गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक जिस तरीके से फायरिंग की गई है, उससे हमलावरों के प्रोफेशनल शूटर होने का शक है। जो किसी बड़े गैंग से जुड़े हो सकते हैं।




एल्विश यादव के पिता ने कहा– 25 से 30 राउंड फायरिंग की
एल्विश यादव के पिता राम अवतार यादव ने बताया कि पुलिस इस घटना की जांच कर रहे हैं। घटना के समय हमारा परिवार घर के अंदर ही था। हमे लग रहा है कि आरोपियों ने 25 से 30 राउंड की फायरिंग की है। सीसीटीवी फुटेज में हमें तीन बदमाश दिख रहे हैं। उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर पहले फायरिंग की है। जिसके बाद वह मौके से फरार हो गए।








