best news portal development company in india

पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को कॉल और वॉट्सऐप मिली धमकी : विदेशी नंबर से आया मैसेज; लिखा- तैयारी कर ले बेटे, तेरा टाइम आ गया

SHARE:

चंडीगढ़। हरियाणा के फतेहाबाद के रहने वाले पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को कॉल और वॉट्सऐप पर मैसेज कर धमकी दी गई है। उन्हें एक विदेशी नंबर से मैसेज आया, जिसमें सिंगर और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। सिंगर की ओर से पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी गई है।

सिंगर मनकीरत औलख को जो मैसेज आया है, वह पंजाबी में है। इसमें उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। मैसेज में लिखा है कि तैयारी कर ले बेटे, तेरा टाइम आ गया, चाहे तेरी पत्नी हो या चाहे तेरा बच्चा हो, हमे कोई फर्क नहीं पड़ता है। बेटा तेरा नंबर लगाना है। यह न समझना कि तुझे कोई धमकी में कोई मजाक किया गया है। नंबर लगाना है बेटे, देख कैसे लगता है। देखते चल बेटे, अब तेरे साथ क्या-क्या होता है।

उधर, इस मामले में पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। किसी भी पुलिस अधिकारी की ओर से इस संबंध में कोई बयान नहीं आया है।

सिंगर मनकीरत औलख को कॉल करके भी धमकी दी गई।
सिंगर मनकीरत औलख को कॉल करके भी धमकी दी गई।

 

यहां जानिए सिंगर मनकीरत को क्या-क्या कहा…

  • सिंगर के मैनेजमेंट ऑफिशियल नंबर पर आया मैसेज : मनकीरत औलख की मैनेजमेंट के ऑफिशियल नंबर पर यह मैसेज आया है। मनकीरत के एक करीबी सदस्य ने बताया कि फैमिली को टारगेट किया गया है। पहले एक वॉयस कॉल आई थी, उसके बाद मैसेज आया। यह पहली बार है, जब इस तरह का लिखित मैसेज आया है। यह मैसेज कल आया था। हालांकि, उन्होंने बताया कि इसमें किसी तरह की मांग नहीं की गई है। उनकी ओर से पुलिस को शिकायत दे दी गई है। वहीं, एक और मैसेज भी आया है, जिसमें पूरे परिवार को धमकियां दी गई हैं। इससे परिवार दहशत में है।
  • आपके पास थोड़ा ही समय है : करीबी सदस्य ने बताया कि जब फोन कॉल आई तो मनकीरत की तरफ से पूछा गया कि बताएंगे कि आप कौन बोल रहे हैं। इस पर फोन करने वाले ने कहा, “मिलेंगे तो भाई बताएंगे कौन बोल रहे हैं। दो-चार दिन में मिलेंगे, तब आपको पता लग जाएगा।” जब नाम पूछा गया तो जवाब मिला कि “मिलकर बताएंगे”। सवाल पूछा गया कि क्या मैसेज लगाना है, बताओ। तो आगे से जवाब आया- “आपके पास समय थोड़ा ही है।” फिर मनकीरत की तरफ से पूछा गया कि कहां से बोल रहे हो? तो जवाब मिला, “हम कहीं से भी बोल सकते हैं, आपके फोन से भी बोल सकते हैं। भाई, तैयारी कर ले।”

मनकीरत को पहले भी मिल चुकी धमकी…

  • दो साल पहले दो किलोमीटर तक हुआ था कार का पीछा : करीबी सदस्य ने आगे बताया कि मनकीरत औलख को धमकियां काफी समय से आ रही हैं। 13 अप्रैल 2023 को उनकी रेकी की गई थी। बाइक सवार 3 युवकों ने तकरीबन 2 किलोमीटर तक मनकीरत की गाड़ी का पीछा किया था। सुरक्षित स्थान पर पहुंचते ही मनकीरत का सुरक्षा गार्ड गाड़ी से नीचे उतरा तो पीछा कर रहे युवक बाइक मोड़कर भाग गए थे। CCTV में भी आरोपी कैद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने उस एरिया की सुरक्षा काफी बढ़ा दी थी।
  • 2022 गैंगस्टर दविंदर बंबीहा ग्रुप ने दी थी धमकी : मनकीरत औलख मोहाली के सेक्टर-71 स्थित होम लैंड हाइट में परिवार सहित रहते हैं। वे जहां सिंगिंग लाइन में सक्रिय है, वहीं समाज सेवा के क्षेत्रों में भी सहयोग करते है। उन्हें साल 2022 गैंगस्टर दविंदर बंबीहा ग्रुप ने फेसबुक पर जान से मारने की धमकी दी है। इतना ही नहीं पोस्ट में यह भी लिखा था कि केवल 10 मिनट का फर्क रहा, वर्ना स्वर्ग सिधार जाता। जैसे ही यह मामला सामने आया है तो इसके बाद मोहाली पुलिस हरकत में आ गई थी। साथ ही उन्हें सिक्योरिटी दी गई थी।
  • 2021 में दोस्त की मोहाली में हुई थी हत्या : मनकीरत औलख को यूथ अकाली नेता विक्की मिंडूखेड़ा का करीबी माना जाता है। 7 अगस्त 2021 को मोहाली के सेक्टर-71 में कार सवार युवकों ने विक्की की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में इसी 27 जून को गैंगस्टर अजय उर्फ सनी उर्फ लेफ्टी, सज्जन उर्फ भोलू और अनिल बाठ को उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी। साथ ही उन पर दो-दो लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था।
यह वीडियो दो साल पहले का है, जब उनकी कार का पीछा किया गया था।
यह वीडियो दो साल पहले का है, जब उनकी कार का पीछा किया गया था।

 

2018 में परमीश वर्मा पर हुआ था हमला

मोहाली में सबसे पहले पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा पर 14 अप्रैल 2018 की रात हमला हुआ था। वह चंडीगढ़ में शो करने के बाद मोहाली के सेक्टर-91 स्थित अपने फ्लैट पर जा रहे थे। इसी दौरान, जैसे ही वह मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया में पहुंचे, उनकी कार का पीछा एक वाहन ने करना शुरू कर दिया और उस पर गोलियां चला दीं। इस दौरान एक गोली उनकी टांग में लग गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने करीब छह किलोमीटर तक गाड़ी चलाई और अस्पताल पहुंचे। इस घटना को गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा ने अंजाम दिया था। बाद में गैंगस्टर को चंडीगढ़ में गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई