चंडीगढ़। शनिवार को अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने पंजाब में 8 लाख 2 हजार 493 राशन कार्ड काटने की साजिश रची है। इससे सूबे मे 32 लाख लोगों को राशन नहीं मिल पाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, राशन कार्ड काटने का जो क्राइटेरिया केंद्र ने तय किया है, वह गलत है।
सीएम ने कहा कि इस बात की जिम्मेदारी कौन लेगा कि एकत्रित किए हुए डाटा का कोई मिसयूज नहीं होगा। सीएम बोले,भाजपा के लोग अब वोट चोरी के साथ-साथ राशन चोरी भी करने लगे हैं। भाजपा के लोगों को वोट चोरी करने की आदत हो गई है मगर पंजाब में उनकी इस मुहिम को सफल नहीं होने देंगे।
मैं यह भी बताना चाहता हूं, पंजाब पूरे देश का पेट भरता है। पूरे देश अधिकतर गेहूं की आपूर्ति हम करते हैं लिहाजा हमारे राशन कार्ड कट कर पंजाबियों को भूखे मारने की कोई न सोचे, जब तक पंजाब का मुख्यमंत्री भगवंत मान है, किसी भी राशन कार्ड धारक को राशन से वंचित नहीं होने देगा, भले उनके लिए अलग व्यवस्था सूबे की सरकार करनी पड़े। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में किसानों को मुआवजा देंगे इसके लिए विशेष गिरदावरी के आदेश हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला को भी मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा भल्ला जी जैसा कलाकार का चले जाना कला जगत के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। उनके जाने के बाद से मेरा मन बहुत व्यथित है।







