चंडीगढ़ ।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को 6 दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। गुरुवार को दोपहर बाद 4:35 बजे वह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से बाहर आए। इस दौरान बाहर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और फिर चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास रवाना हो गए। CM ने बाढ़ राहत कार्यों को लेकर कल हाईलेवल मीटिंग बुला ली है। मुख्यमंत्री आवास पर ये मीटिंग होगी। सभी विभागों के सेक्रेटरी मीटिंग में रहेंगे मौजूद। इसके साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के DC जुड़ेंगे।

5 सितंबर की शाम को मुख्यमंत्री को धड़कन धीमी होने और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। सीएम मान 9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे में भी शामिल नहीं हो पाए थे। हालांकि पीएम ने उनकी सेहत को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से पूछा था। इसके बाद कटारिया ने अस्पताल पहुंचकर सीएम से मुलाकात की थी। सीएम ने अस्पताल से ही बाढ़ को लेकर अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की। उसने मिलने हरियाणा के सीएम नायब सैनी, दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत प्रदेश के मंत्री पहुंचे थे।









