चंडीगढ़। CBI ने रिश्वत केस में बठिंडा के जज को क्लीन चिट दे दी है। यह मामला जज के नाम पर 30 लाख रुपए रिश्वत मांगने का है। जिसमें एडवोकेट ने पत्नी पक्ष को कहा था कि वह जज को जानता है। रिश्वत की रकम से वह फैसला उनके हक में करवा देगा। CBI ने एडवोकेट और उसके साथी को चंडीगढ़ से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद CBI कोर्ट के नोटिस पर बठिंडा जाकर जज से पूछताछ की। अब CBI ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में जज की कोई भूमिका नहीं है।

जानिए पूरा मामला…
- बठिंडा कोर्ट में तलाक केस से शुरू हुआ मामला: 13 अगस्त 2025 को फिरोजपुर की बेदी कॉलोनी के रहने वाले हरसिमरनजीत सिंह ने सीबीआई को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनकी चचेरी बहन संदीप कौर का तलाक का केस बठिंडा कोर्ट में चल रहा है।
- जज के नाम पर वकील ने पैसे मांगे: हरसिमरनजीत ने कहा- इस केस में शिकायतकर्ता के वकील के साथी एडवोकेट जतिन सलवान बार-बार दबाव डाल रहा था कि अगर केस का फैसला अपने पक्ष में चाहिए तो 30 लाख रुपए जज को देने होंगे। सलवान ने यह भी कहा कि जैसे ही पैसे दिए जाएंगे, जज का खास आदमी आकर रकम ले जाएगा और फैसला उनके हक में हो जाएगा।
- शिकायतकर्ता ने CBI से शिकायत कर दी: जब हरसिमरनजीत ने पैसे कम करने की बात की, तो सलवान ने साफ कह दिया कि “रिश्वत के पैसे कभी कम नहीं होते”। इसके बाद हरसिमरनजीत ने CBI से संपर्क किया। शिकायत पर CBI ने जाल बिछाया और 5 लाख रुपए की पहली किस्त लेते समय सलवान और उसके साथी को चंडीगढ़ से रंगेहाथ पकड़ लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर बुड़ैल जेल भेज दिया गया।
- रिश्वत दे पैसे कदी घट नहीं हुंदे, कॉल रिकॉर्डिंग बनी सबूत: CBI ने इस मामले की जांच शुरू कर दी। इस दौरान CBI को एक कॉल रिकॉर्डिंग जिसमें वह हरसिमरनजीत से रिश्वत मांगते हुए कहते हैं— “रिश्वत दे पैसे कदी घट नहीं हुंदे” (रिश्वत के पैसे कभी कम नहीं होते)। CBI ने कहा कि यह रिकॉर्डिंग केस को मजबूत बनाने में अहम सबूत है। इसके बाद CBI ने इस मामले में एडवोकेट सलवान और उनके साथ जतिन के खिलाफ चंडीगढ़ स्थित CBI कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी।
CBI ने बठिंडा जाकर जज से पूछताछ की
चूंकि इस मामले में शिकायत में कहा गया था कि जज के नाम पर रिश्वत मांगी गई है। इसके बाद CBI कोर्ट ने बठिंडा के जज को नोटिस निकाला। जिसमें कहा गया कि केस में आपका नाम आ रहा है, इसलिए आपसे पूछताछ की जानी है। इस मामले में जज ने कहा कि पूछताछ कर सकते हैं। इसके बाद CBI की टीम बठिंडा पहुंची। जहां बंद कमरे में जज से पूछताछ हुई।







