फगवाड़ा । जालंधर के साथ सटे जिला कपूरथला के फगवाड़ा में निहंग बाणे में एक व्यक्ति शराब पीता और चिकन खाता पकड़ा गया। निहंग बाणे में ये व्यक्ति गाड़ी में बैठा था और उसके साथ एक महिला भी थी। मौके पर पहुंचे सिख जत्थेबंदियों ने उसका विरोध किया। माफी मंगवाई और उससे निहंग बाणा उतरवा लिया। घटना देर रात शहर के एक चिकन शॉप के बाहर की है। व्यक्ति निहंग बाणे में शराब पी रहा था, इसकी जानकारी किसी ने सिख जत्थेबंदियों को दे दी। इसपर सिख जत्थेबंदी के लोग मौके पर पहुंच गए। देखा कि निहंग बाणे में कार पर बैठा शराब पी रहा था।

निहंग के कपड़े उतरवा कर गाड़ी में बैठाया
इसपर जत्थेबंदी के लोग उस व्यक्ति से पूछताछ शुरू करने लगे। आरोप है कि पूछताछ में वह भड़क गया और सिख जत्थेबंदियों के साथ हाथापाई करने लगा। सिख जत्थेबंदियों के लोगों का आरोप है कि आरोपी ने उन पर किरपान निकाल पर हमले की भी कोशिश की।
सिख जत्थेबंदियों ने तुरंत निहंग बाणा उतरवाया
फगवाड़ा सिख जत्थेबंदी के हैप्पी ने बताया कि उनको दूसरे शहर से फोन आया था कि फगवाड़ा जीटी रोड पर एक चिकन की दुकान के बाहर एक स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी है। इस पर तरना दल दोआबा निहंग सिंह जत्थेबंदी का नाम लिखा हुआ है। उस गाड़ी में एक बाणा धारी आदमी एक महिला के साथ बैठा है और शराब पी रहा है।
लोगों ने उसकी किरपान और एक नकली पिस्टल छीन लिया। देर रात 11 बजे तक चिकन की दुकान के बाहर हंगामा होता रहा। वहां पर लोगों ने उसके कपड़े उतरवा लिए। मौके पर पहुंची पुलिस उसको साथ ले गई है। महिला को उसने रिश्तेदार बताया, हालांकि महिला ने कहा कि उसे उसके पास अन्य महिला ने भेजा था

नकली पिस्तौल से डराने की कोशिश भी की
सिख जत्थेबंदी के हैप्पी ने बताया कि जब वे जीटी रोड पर चिकन की दुकान पर पहुंचे तो निहंग के बाणे में एक व्यक्ति महिला के साथ गाड़ी में बैठा था। जब उसे पकड़ने लगे तो उसने हमला करने की कोशिश की। बाद में उसने नकली पिस्तौल निकाल उनको डराने की कोशिश की। इसपर उन लोगों ने उससे किरपान और पिस्टल का कवर छीन लिया। पिस्टल के कवर में उसने एक तेज धार चाकू रखा हुआ था।
निहंग बाणा पहने व्यक्ति ने मांगी माफी
पकड़ने गए व्यक्ति ने अपना नाम सुरिंदर सिंह बताया। उसने बताया कि उसका गां होशियारपुर में है। उससे गलती हो गई, इसके लिए उसे माफ कर दिया जाए। आगे से वह ऐसा नहीं करेगा। जब उससे पूछा गया कि यह महिला कौन है, तो उसने कहा कि रिश्तेदार है। महिला से पूछा तो उसने बताया कि वह इसके साथ रास्ते में बैठी थी। मुझे इसके पास किसी महिला ने भेजा है। इसके लिए मुझे पैसे मिलने थे।
लोगों ने पुलिस के हवाले किया
सिख जत्थेबंदियों ने मौके पर फगवाड़ा सिटी पुलिस को बुलाया। थाना सिटी पुलिस की SHO ऊषा रानी और ASI दर्शन सिंह भट्टी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गाड़ी समेत थाने ले गए। पुलिस ने माहौल को शांत करवाया। सिख जत्थेबंदी के लोगों ने कहा कि इस पर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि आगे से निहंगों का बाणा पहन इसका कोई निरादर न कर सके।








