चंडीगढ़ । पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। पूर्व मंत्री बूटा सिंह पर दिए बयान को लेकर SC कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने DSP कपूरथला हरगुरदेव सिंह को चंडीगढ़ तलब किया। उन्होंने पूछा कि अब तक राजा वड़िंग को गिरफ्तार क्यों नहीं किया।
DSP ने कहा कि मामले में टेक्निकल चीजों को रिपोर्ट में लगाने में वक्त लग रहा है। दिवंगत बूटा सिंह के बेटे ने SC सर्टिफिकेट दे दिया है। वीडियो की फोरेंसिक जांच होगी। इसमें हफ्ता-10 दिन लगेंगे। इस पर चेयरमैन गढ़ी ने कहा कि 20 नवंबर तक राजा वड़िंग को गिरफ्तार करो।
गढ़ी ने कहा कि वो राजा वड़िंग है कोई रॉबिन हुड नहीं है जो आपको मिल नहीं रहा। गढ़ी ने डीएसपी के सामने मोबाइल से वीडियो निकालकर दिखाईं और बताया कि ये तो तरनतारन और नवांशहर में घूम रहा है, आपको क्यों नहीं मिल रहा। ये तो वो बात हो गई कि खरगोश खुले मैदान में है और शिकारी ने अपने कुत्तों को की संगली (चेन) पकड़कर रखी है।








