जालंधर। पंजाब के जालंधर में नगर निगम विभाग ने आज रैनक बाजार और टिक्की वाला चौक पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान एक दुकानदार ने अपना सिलेंडर जब्त किए जाने पर दवा खाकर जान देने की धमकी दी। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है जब दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया था। हालांकि, टीम के जाने के बाद दुकानदार फिर से अवैध कब्जे कर लेते हैं।
दो दिन पहले सिलेंडर जब्त हुआ था
टिक्की वाला चौक पर एक दुकानदार ने दो दिन पहले भी अवैध कब्जा किया था, जिस पर टीम ने उसका सिलेंडर उठा लिया था। आज फिर उसी जगह पर दुकानदार द्वारा अवैध कब्जा किया गया, जिसके बाद टीम ने दोबारा सिलेंडर जब्त कर लिया और चेतावनी दी।
इस कार्रवाई के दौरान दुकानदार भड़क गया और दवा खाकर जान देने की धमकी देने लगा। नगर निगम इंस्पेक्टर अमित ने बताया कि आज दुकानदारों को चेतावनी के साथ चालान भी काटे जाएंगे। दुकानदार ने यह भी स्वीकार किया कि प्रशासन के जाने के बाद सभी दुकानदार फिर से अवैध कब्जे कर लेते हैं।








