लुधियाना- पंजाब में रोडवेज मुलाजिम आज (28 नवंबर) हड़ताल पर हैं। लुधियाना में रोडवेज मुलाजिम बस स्टैंड पर पानी की टैंकी पर चढ़ गया। उसे नीचे उतरने के लिए कहा गया तो मुलाजिम बोला- पंजाब सरकार के मारने से अच्छा है, ऐसे ही मर जाएं। वह पंजाब सरकार मुर्दाबाद के नारे लगा रहा है।
वहीं मानसा के बुढलाडा में भी 3 मुलाजिम पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं। पटियाला में पुलिस और रोडवेज मुलाजिमों के बीच झड़प हुई है। पुलिस ने कई मुलाजिमों को हिरासत में लिया है। वहीं जालंधर में मुलाजिमों ने बस स्टैंड बंद कर दिया है। प्राइवेट बसों की एंट्री भी बंद कर दी गई है। रोडवेज की सभी बसें डिपो में खड़ी कर दी गई हैं।


रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेता नछत्तर सिंह और विक्रमजीत सिंह ने कहा कि वह किलोमीटर स्कीम वाली बसों का टेंडर रद्द करने की मांग कर रहे हैं। पिछले दो महीने के अंदर वे तीसरी बार धरना लगा चुके हैं। जब धरना देते हैं तो सरकार टेंडर की डेट को आगे बढ़ा देती और बाद में टेंडर को रद्द नहीं करती।
इसलिए इस बार उनकी हड़ताल अनिश्चितकालीन रहेगी। वहीं चक्काजाम के ऐलान के बाद पंजाब सरकार भी मुलाजिमों पर सख्ती बरत रही है। पूरे प्रदेश में यूनियन नेताओं की धरपकड़ की गई है। वहीं बसों की हड़ताल की वजह से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मुफ्त सफर वाली महिलाओं को भी प्राइवेट बसों में जाना पड़ा।

रोडवेज यूनियन नेता सुखदेव सिंह ने कहा कि तड़के 3-4 बजे कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारी की गई। जो नेता घर पर नहीं थे, उनके घरों में बच्चों की मौजूदगी के बावजूद पुलिस ने तलाशी ली, जो बिल्कुल अनुचित है। सुखदेव सिंह ने कहा इस कार्रवाई के विरोध में सेंट्रल बॉडी की तरफ से उन्हें पूरे पंजाब के सभी बस स्टैंड बंद करने का आदेश मिला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बसें स्टैंड के अंदर खड़ी हैं, वे अंदर ही रहेंगी और जो बाहर हैं, वे बाहर ही रहेंगी। उन्होंने कहा कि अगली रणनीति को लेकर सेंट्रल बॉडी से जो भी आदेश आएंगे, उन पर अमल किया जाएगा। यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक नेताओं को रिहा नहीं किया जाता।









