चंडीगढ़– शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने शनिवार को सभी जिला और हल्का प्रभारी की बैठक ली। बैठक में उपाध्यक्ष दलजीत सिंह चीमा और मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर समेत विभिन्न वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि अकाली दल हर हफ्ते चार हलकों में रैलियां करेगा। फरवरी से जनसंपर्क अभियान शुरू होगा। सुखबीर बादल ने प्रभारियों से आह्वान किया है कि वे लोगों से अपना संपर्क ज्यादा से ज्यादा बढ़ाएं। उन्होंने 328 स्वरूपों के गुम होने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मसले पर सिर्फ राजनीति हो रही है। सरकार बिना वजह एसजीपीसी से टकराव पैदा कर रही है। अब इस मसले पर सरकार बैक फुट पर है।
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन पर उन्होंने कहा कि अकाली दल अभी हर जिले में अपना संगठन मजबूत कर रहा है। पहले संगठन मजबूत हो जाए उसके बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं की जो राय होगी उसके तहत आगे फैसला लिया जाएगा। अभी चुनाव को एक साल बाकी है मगर किसी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सुखबीर बादल ने प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा। बादल ने कहा कि पंजाब में अमन शांति स्थापित करने और लोगों को सुरक्षा मुहैया करवाने के मसले पर सरकार विफल साबित हो रही है। उन्होंने रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके का जिक्र करते हुए कहा कि इस ताजी घटना ने यह बता दिया है कि प्रदेश में क्या कुछ हो रहा है।








