अमृतसर- पंजाब के 2 जिलों (अमृतसर और गुरदासपुर) में 180 करोड़ रुपए की हेरोइन पकड़ी गई है। इसके साथ ही 5.75 लाख रुपए की ड्रग मनी और 2 पिस्टल, 4 मैगजीन और 60 कारतूस भी मिले हैं। पुलिस को शक है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से भेजी गई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने गुरदासपुर में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी भारत में अपने हैंडलरों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे।

अमृतसर के गांव घोगा में पुलिस ने घर से बरामद की हेरोइन।
जानिए अमृतसर में कैसे पकड़ी हेरोइन…
- घर में मिली 25 किलो हेरोइन: अमृतसर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित गांव घोगा में अमृतसर देहात पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत एक घर से पाकिस्तान से आई 25 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 125 करोड़ रुपय आंकी गई।
- 2 पिस्टल, 4 मैगजीन और कारतूस मिले: इतना ही नहीं, इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस को 2 पिस्टल, 4 मैगजीन और 60 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह पूरा जखीरा पाकिस्तान से ड्रोन या अन्य माध्यमों के जरिए सीमा पार से भेजा गया था, जिसे आगे पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में सप्लाई किया जाना था।
- अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर गिरोह की जांच कर रही पुलिस: पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घर का मालिक कौन है और इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर गिरोह की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।

गुरदासपुर पुलिस ने 11 किलो हेरोइन समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अब जानिए गुरदासपुर में कैसे पकड़ी हेरोइन…
- 2 आरोपी गिरफ्तार, 11 किलो हेरोइन बरामद: गुरदासपुर पुलिस ने एक संगठित नशा नेटवर्क से जुड़े दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 11 किलोग्राम हेरोइन (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 करोड़ रुपय) और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के कासिमपुर निवासी मोहम्मद वसीम और अमृतसर निवासी हरशदीप सिंह उर्फ हरश के रूप में हुई है।
- आरोपियों से दो कारें बरामद: पुलिस ने हेरोइन और ड्रग मनी के अलावा आरोपियों की सफेद होंडा सिटी कार (RJ 45 CR 2918) और हुंडई वरना कार (CH01 AZ 0888) भी जब्त की है। इन वाहनों का उपयोग नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था।
- वरना कार से 8 किलो हेरोइन मिली: एसएसपी आदित्य ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हरशदीप उर्फ हरश को गुरदासपुर के गांव चिट्टी के पास से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 8 किलोग्राम हेरोइन और 3.5 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई। हरशदीप अपनी वरना कार में हेरोइन की खेप डिलीवरी के लिए ले जा रहा था।
- होंडा सिटी कार से 3 किलो हेरोइन मिली: एसएसपी ने बताया कि इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में आरोपी मोहम्मद वसीम को दीनानगर में पनियार शुगर मिल के पास नाके पर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उसकी होंडा सिटी कार की तलाशी के दौरान छह पैकेटों में पैक 3 किलो हेरोइन और 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
- पाकिस्तान से नशा तस्करों का संपर्क: डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी भारत में अपने हैंडलरों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। वहीं एसएसपी आदित्य ने कहा कि नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना है।








