लुधियाना – पंजाब में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए गैंगस्टरों और आतंकी संगठनों ने अब सत्ताधारी दल के विधायकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला लुधियाना के आत्मनगर विधानसभा क्षेत्र का है, जहां आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू को प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। शनिवार रात विधायक के घर के बाहर एक संदिग्ध गाड़ी द्वारा रेकी किए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
धमकी मिलने के बावजूद विधायक सिद्धू ने बेबाकी से कहा कि वह ऐसी गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन पर बाबा दीप सिंह जी का आशीर्वाद है और वह जनता की सेवा के मार्ग से पीछे नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले लुधियाना सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर पप्पी को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी मुहैया कराई गई है।








