अमृतसर- पंजाबी गायक मनकीरत औलख के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने का मामला सामने आया है। इस बारे में खुद मनकीरत औलख ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सावधान किया है। उन्होंने बताया कि कुछ ठग उनके नाम का इस्तेमाल करके लोगों को फोन कर रहे हैं और पैसे ठगने की कोशिश कर रहे हैं।
हजारों रुपये तक की ठगी, ओटीपी और पैसे न देने की अपील
कई लोग उनकी बातों में आकर 2000, 5000 या 10000 रुपये तक भी भेज देते हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में लोगों से ओटीपी (OTP) भी मांगा जाता है। मनकीरत औलख ने साफ कहा है कि किसी भी हालत में अपना ओटीपी किसी को न दें और किसी भी अनजान नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें।
उन्होंने लोगों से हाथ जोड़कर अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति मनकीरत औलख बनकर फोन करता है, तो समझ लें कि वह ठग है। असली मनकीरत औलख या उनकी टीम इस तरह किसी से पैसे नहीं मांगती।
उन्होंने लोगों से कहा कि अगर किसी को ऐसी कॉल या मैसेज आता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं और इसकी शिकायत पुलिस या साइबर क्राइम विभाग में करें। मेहनत से कमाए हुए पैसे को इस तरह के धोखेबाजों से बचाना बहुत जरूरी है। सभी लोगों को जागरूक रहना चाहिए और अपने परिवार व दोस्तों को भी इस बारे में जानकारी देनी चाहिए।








