best news portal development company in india

NCB हिरासत में BSF जवान की संदिग्ध मौत: अमृतसर में पोस्टमार्टम, मां ने लगाए गंभीर आरोप

SHARE:

बीएसएफ जवान जसविंदर सिंह की मां।
अमृतसर – नशे के एक मामले में गिरफ्तार बीएसएफ जवान जसविंदर सिंह की एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) कस्टडी में संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। जसविंदर सिंह, जो जम्मू के न्यू दीवानगढ़ गांव का रहने वाला था, बीएसएफ की 42वीं बटालियन में तैनात था और त्रिपुरा में अपनी सेवाएं दे रहा था। वह हाल ही में छुट्टी पर घर आया हुआ था।

परिवार के मुताबिक, 3 मार्च को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी की टीम उसे अपने साथ ले गई, लेकिन इसके बाद परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। मां गुरमीत कौर ने बताया जम्मू से हिरासत में लिया गया और फिर पूछताछ के लिए अमृतसर लाया गया।

गुरमीत कौर ने कहा कि हमें वीरवार (गुरुवार) की दरमियानी रात को एक कॉल आया था, जिसमें बताया गया कि आपके बच्चे की मृत्यु हो गई है। इससे पहले यह जानकारी दी गई थी कि बच्चा बीमार है।

मृतक BSF जवान जसविंदर सिंह की फाइल फोटो।
मृतक BSF जवान जसविंदर सिंह की फाइल फोटो।

मृतक की मां ने लगाई इंसाफ की गुहार

आज, 21 मार्च को जसविंदर सिंह का पोस्टमार्टम अमृतसर के सिविल अस्पताल में किया जा रहा है। अस्पताल परिसर में दर्दनाक माहौल देखने को मिला, जहां मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने बेटे के लिए इंसाफ की गुहार लगा रही हैं और आरोप लगा रही हैं कि उनके बेटे को प्रताड़ित किया गया, जिससे उसकी मौत हुई।

मौके पर पहुंचे एनसीबी अधिकारियों और पंजाब पुलिस के एसएचओ जसप्रीत सिंह ने कहा कि यह एनसीबी का मामला है और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले को स्पष्ट किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। अब सबकी निगाहें जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई