लुधियाना – लुधियाना शहर के शिमलापुरी इलाके में रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई,जब एक तेज रफ्तार सफेद रंग की बलेनो कार ने रास्ते में आने वाले हर वाहन को टक्कर मारना शुरू कर दिया। दरअसल, यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि एक कार चोर की पुलिस से बचने की नाकाम कोशिश थी। आरोपी ने भागने के चक्कर में एक के बाद एक करीब 7 वाहनों को टक्कर मारी और अंत में बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया।
चोरी की कार का लगा था ट्रैप, पुलिस को देख हुआ फरार
जानकारी के अनुसार पुलिस को शिमलापुरी इलाके से एक सफेद रंग की बलेनो कार चोरी होने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने कार को ट्रैक करने के लिए जाल बिछाया था। आज सुबह करीब 11:30 बजे जैसे ही पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, आरोपी चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। खुद को घिरा देख आरोपी शिमलापुरी की तंग गलियों और दशहरा ग्राउंड के पास गाड़ी को अंधाधुंध भगाने लगा।








