फतेहगढ़ साहिब । सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब के सरकारी क्वार्टरों में रहने वाली एक महिला डॉक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान डॉक्टर रिया (30) के रूप में हुई है, जो अस्पताल परिसर में ही रहती थीं। वह मूल रूप से बठिंडा की निवासी थीं। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना फतेहगढ़ साहिब के प्रभारी अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टर रिया ने अपने सरकारी निवास पर फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
पोस्टमार्टम में पता चलेगा मौत का असली कारण
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह घटना देर रात या सुबह के समय हुई हो सकती है, हालांकि सटीक समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। पुलिस के मुताबिक मौके की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
इससे आत्महत्या के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और डॉक्टर के पारिवारिक पेशेवर तथा निजी जीवन से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







