इसी के चलते हाईकमान ने इस बस यात्रा में सभी नेताओं को हाजिर रहने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत विशेष प्रचार बस तैयार हो रही है। साथ ही पंजाब के लिए एक विशेष चुनावी नारे पर भी विचार किया जा रहा है। पंजाब और पंजाबियों से जुड़े नए नारे के साथ कांग्रेस मैदान में उतरेगी। हाईकमान इस पर भी रायशुमारी कर रहा है कि इस बस यात्रा की शुरुआत कहां से की जाए। इसके लिए तीन शहरों के नाम सुझाए गए हैं, जिनमें श्री आनंदपुर साहिब, श्री अमृतसर साहिब व तलवंडी साबो शामिल है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि चूंकि इस बार फोकस मालवा पर ज्यादा रहेगा, इसलिए तलवंडी साबो को भी इस बस यात्रा की शुरुआत के लिए चुना जा सकता है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि इस बस यात्रा का मकसद सभी हलकों के कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव के लिए जोश भरते हुए उन्हें सक्रिय करना है। साथ ही सूबे के सभी नेता इस बस पर रहकर पंजाबियों को कांग्रेस की एकजुटता का संदेश देंगे। यह बस यात्रा चरणबद्ध निकाली जाएगी और अंतिम हलके में कांग्रेस विशाल रैली कर इसका समापन करेगी। इस मेगा प्लान की रूपरेखा तैयार की जा रही है कि संभवत: जुलाई के पहले हफ्ते में इसकी शुरुआत हो सकती है।








