best news portal development company in india

LPU में BJP अध्यक्ष नितिन नबीन का योग संदेश: बोले- पंजाब को खोखला नहीं होने देंगे

SHARE:

जालंधर – 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को चंडीगढ़ और पंजाब पूरी तरह योगमय नजर आए। 3 दिवसीय पंजाब दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जालंधर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में सैकड़ों लोगों के साथ योग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा- BJP पंजाब को खोखला नहीं होने देगी। यहां जो चिट्टे का जहर है, उसे हर हाल में खत्म कर देंगे। ड्रग्स का नाम और निशान पंजाब से मिटा दिया जाएगा। इसकी चिंता हर एक पंजाबी को करनी चाहिए।

नितिन नबीन ने कहा कि अब देश का भविष्य युवा साथियों के हाथ में है, लेकिन देश का भविष्य बनाते हुए युवा साथी एक चीज का ध्यान जरूर रखें कि देश के तिरंगे और देश की मिट्टी के साथ कभी भी कंप्रोमाइज नहीं होना चाहिए।

उधर, चंडीगढ़ में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने योग किया। उन्होंने कहा कि योग से जीवन को स्वस्थ और मस्त बनाएं। यहां के पार्कों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सुबह से ही योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

लुधियाना में योग करते हुए सैकड़ों लोग।
लुधियाना में योग करते हुए सैकड़ों लोग।

सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क में राज्य स्तरीय आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इसके बाद करीब 45 मिनट तक कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें लगभग 3,500 लोगों ने हिस्सा लिया।

सुखना लेक पर सुबह से लगा योग का मेला

सुखना लेक पर आयुष मंत्रालय, नेशनल आयुष मिशन और चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 5:30 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *