best news portal development company in india

पंजाब में कल से वोटर लिस्ट का SIR अभियान: 24,453 BLO घर-घर करेंगे सत्यापन, 86% मैपिंग पूरी

SHARE:

पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा पंजाब भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए।

चंडीगढ़-  पंजाब में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 25 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत राज्यभर में 24,453 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह अभियान 24 जुलाई तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को पंजाब भवन में मीडिया के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाएगी।

2.14 करोड़ मतदाताओं तक पहुंचेगा चुनावी अमला

मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार, राज्य के 24,453 BLO अगले एक महीने तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, उनका सत्यापन करेंगे और उन्हें वापस एकत्र करेंगे। इस दौरान पंजाब के 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं का डेटा अपडेट किया जाएगा। साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी 24 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।

अभियान पूरा होने के बाद 3 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां 2 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे। इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा और 1 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।

86 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी

बैठक के दौरान बताया गया कि पंजाब में अब तक 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उनकी सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

मैपिंग की प्रक्रिया इस तरह से चलेगी

किसी मतदाता की स्वयं की मैपिंग हुई है तो उसके लिए अलग कॉलम होगा, जबकि माता-पिता या दादा-दादी के आधार पर मैपिंग होने पर उसके लिए अलग कॉलम निर्धारित किया गया है। फॉर्म भरने के बाद मतदाता को यह घोषणा भी देनी होगी कि उसने भारत के अलावा किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली है और उसका नाम किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। इसके बाद फॉर्म को स्कैन कर जमा किया जाएगा।

यदि कोई व्यक्ति घर पर नहीं मिलता या मकान बंद मिलता है, तो बीएलओ वहां फॉर्म छोड़ेंगे और एक स्टीकर लगाएंगे। स्टीकर पर लिखा होगा कि बीएलओ मौके पर आए थे, लेकिन संबंधित व्यक्ति घर पर नहीं मिला। साथ ही दोबारा और तीसरी बार आने की संभावित तारीख भी लिखी जाएगी, ताकि मतदाता फॉर्म भरकर जमा कर सके।

सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

इससे बैठक में अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अमनदीप गर्ग, संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी नवनीत कौर बल्ल समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। आम आदमी पार्टी की ओर से फैरी सॉफ्ट, कांग्रेस की ओर से हरदीप सिंह किंगरा और हैप्पी खेड़ा, भाजपा की ओर से परमपाल कौर, शिअद की ओर से एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर और नछत्तर सिंह गिल तथा बसपा की ओर से जसवंत राय और हरभजन सिंह उपस्थित रहे।

इस अभियान के जरिए चुनाव आयोग राज्य की मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने का प्रयास करेगा, ताकि आगामी चुनावों में पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई