नकोदर/जालंधर- नकोदर के SDM कोर्ट परिसर के बाहर मंगलवार रोडवेज की चलती बस का अगला टायर निकल गया। मेहतपुर की ओर से आ रही जालंधर डिपो की पंजाब रोडवेज बस बियरिंग टूटने से ये हादसा हुआ। टायर उछलकर सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार से जा टकराया, जिससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा मंगलवार सुबह 9 बजे के करीब हुआ। हादसे के समय सड़क पर यातायात कम होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। कार मालिक की पहचान सतपाल निवासी गांव बुलंदा के के रूप में हुई है। वह SDM कोर्ट में किसी काम से आए थे और उन्होंने अपनी कार बाहर खड़ी की थी। कार चालक कुलविंदर सिंह उस समय गाड़ी से बाहर दूसरी तरफ खड़े थे, जिससे उनकी जान बच गई।
बस चालक यशपाल सिंह ने बताया कि बियरिंग अचानक टूटने के कारण यह घटना हुई। चश्मदीदों के अनुसार, टायर निकलने के बाद भी भारी बस लगभग 20 फीट तक घिसटती हुई आगे बढ़ी। हादसे के बाद बस में सवार सहमे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे से जुड़े PHOTO












नो एंट्री एरिया से जा रही थी बस
बता दें कि जिस रोड पर यह हादसा हुआ, वहां बसों की एंट्री बैन है। लुधियाना, जगराओं और मेहतपुर से आने वाली बसों को बाईपास से होकर निकलना पड़ता है। हालांकि, रोडवेज और निजी बसों के चालक समय बचाने के लिए अक्सर सुबह के समय शहर के छोटे और नो एंट्री रोड से बसों को अंदर ले आते हैं।
इससे तंग बाजारों में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। हादसे के बाद कार मालिक ने मौके पर ही नुकसान की भरपाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।








