अमृतसर- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 8.378 किलो हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 48 करोड़ बताई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पहले चरण में थाना छेहर्टा पुलिस ने लवप्रीत सिंह उर्फ लव और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर 2 किलो हेरोइन मिली।
पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 3 किलो 10 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की। इस पहले ऑपरेशन में कुल 5 किलो 10 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। जांच को आगे बढ़ाते हुए, पुलिस ने एक और ऑपरेशन में 3 किलो 368 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस तरह, कुल बरामदगी 8 किलो 378 ग्राम हेरोइन तक पहुंच गई।
मुख्यारोपी अमृतसर का रहने वाला

रातों-रात अमीर बनने की चाहत में तस्करों के जाल में फंसे
कमिश्नर भुल्लर ने कहा कि रातों-रात अमीर बनने की चाहत और बेरोजगारी के कारण कई युवा नशा तस्करों के जाल में फंस रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों पर नजर रखने और उनकी समय-समय पर काउंसिलिंग करने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि पड़ोसी देश पंजाब के युवाओं को नशे के जरिए गुमराह करने की साजिश रच रहा है, जिसका मुकाबला समाज और पुलिस को मिलकर करना होगा। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।








