कपूरथला- जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ढिलवां थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक फॉर्च्यूनर कार में सवार दो तस्करों को दबोचकर उनके कब्जे से 225 ग्राम अफीम बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
भागने की कोशिश कर रहे थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
ढिलवां थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि एसआई कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ ‘हाईटेक नाका ढिलवां’ पर तैनात थे। इसी दौरान अमृतसर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार (HR-70-F-1712) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस नाके को देखकर चालक ने कार भगाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरमुख सिंह पुत्र कल्याण सिंह, निवासी गांव मुड़ी कालू (थाना लोहियां, जिला जालंधर) और रेशम सिंह पुत्र लखविंदर सिंह, निवासी गांव खोआसपुर (थाना गोइंदवाल साहिब, जिला तरनतारन) के रूप में हुई है। गाड़ी की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें से 225 ग्राम अफीम बरामद हुई।
अदालत से 1 दिन का रिमांड हासिल, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम की यह खेप कहां से खरीदी गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी। पुलिस नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है।








