संगरूर- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के एक और ऑफिस को निशाना बनाया गया है। संगरूर में पार्टी के जिला ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे कार्यालय की दीवार के ऊपर से फेंककर फरार हो गए। हमले में कार्यालय की दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और आग लगने के निशान मिले हैं।
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। हमले का सही समय सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद स्पष्ट होगा। SSP नवजोत ग्रेवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस इसे भाजपा कार्यालय को निशाना बनाकर किया गया हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि हमलावरों के मकसद पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी मौके से सैंपल जुटाए हैं। रिपोर्ट के आधार पर विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि की जाएगी।
घटना के बाद कार्यालय के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वालों की निगरानी की जा रही है।

केयरटेकर ने सुबह आग लगने की सूचना दी
भाजपा नेता रणदीप देओल ने बताया कि सोमवार सुबह केयरटेकर का फोन आया। उसने कार्यालय में आग लगने की जानकारी दी और तस्वीरें भेजीं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचना दी गई। देओल ने कहा कि यह गंभीर सुरक्षा चूक है और पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करती है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आईं 3 बातें
- बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर कार्यालय पर हमला किया गया।
- बोतल कार्यालय की आउटडोर गार्डन वाली दीवार के ऊपर से फेंकी गई, जो बिल्डिंग के दो हिस्सों के बीच गिरी।
- मौके से आग लगने के निशान मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।

SP बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
संगरूर के SP देवेंद्र अत्री ने बताया कि सूचना मिलते ही DSP और SHO के नेतृत्व में पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। किसी भी शरारती तत्व के मंसूबे सफल नहीं होने दिए जाएंगे।

4 महीने में BJP दफ्तर पर दूसरा हमला
इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंका गया था। ग्रेनेड कार्यालय की पार्किंग के पास गिरा था, जिससे वहां खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। जांच में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मामले में विदेश में बैठे कथित हैंडलरों और प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े लिंक सामने आने का दावा किया था। मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। लगातार दूसरी घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक दलों के कार्यालयों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।








