जालंधर- जालंधर में आज महिला कांग्रेस की अगुवाई में प्याज का लंगर लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के बाहर सड़क किनारे क्रेट में प्याज रखकर लोगों को दिए। बच्चे हाथ में दो-दो-चार-चार प्याज ले गए। साथ ही आने वाले दिनों में चीनी का लंगर लगाने का भी ऐलान किया। इस दौरान जालंधर सेंट्रल से पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। विरोध जताने और लोगों को राहत देने के लिए प्याज का मुफ्त लंगर लगाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीब और दिहाड़ीदार परिवारों का गुजारा मुश्किल हो गया है। सिलेंडर, चीनी और सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं, जिसके कारण लोग पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद करने लगे हैं।
नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए देने का वादा करने वाली सरकार दूसरी ओर चीनी और सब्जियों के बढ़े दामों के जरिए जनता की जेब पर बोझ डाल रही है।

जालंधर सेंट्रल से कांग्रेस विधायक महंगाई के खिलाफ प्याज का लंगर लगाते हुए।

कांग्रेस ने कर्मचारियों के धरने को दिया समर्थन
कांग्रेस ने प्रदेश में चल रही सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि 1977 के बाद पंजाब में पहली बार ऐसे हालात बने हैं कि लगभग हर सरकारी विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) और डीए (DA) की मांग कर रहे कर्मचारियों को उनका हक देने के बजाय पंजाब सरकार मामले को कोर्ट-कचहरी में उलझा रही है।
जनता सरकार की नीतियों का जवाब वोट के जरिए देगी
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘या तो हड़ताल कर लो या मीटिंग’ वाले बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का हक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्मचारियों के साथ खड़ी है। आने वाले चुनाव में जनता सरकार की नीतियों का जवाब वोट के जरिए देगी।








