जालंधर– जालंधर में चालान काटने के दौरान पुलिसकर्मी ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। युवक का आरोप है कि वह पुलिसकर्मियों की चालान काटने की कार्रवाई का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान एक मुलाजिम ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो जालंधर के परागपुर के पास हाईवे का है।
युवक के मुताबिक, उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पुलिसकर्मी के हाथ से आरसी और मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। युवक ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पुलिस को ऐसा करना चाहिए था।
उसने बताया कि वह राजस्थान समेत कई राज्यों में घूमकर आया है, लेकिन जालंधर में उसका चालान काट दिया गया। जालंधर पुलिस ने आरोपी मुलाजिम को कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया।

पठानकोट चौक पर चालान के दौरान हुई बहस में युवक को थप्पड़ जड़ता पुलिस मुलाजिम।
तलवंडी साबो के युवक का आरोप-पैसे भी मांगे गए
बठिंडा के तलवंडी साबो निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि जालंधर बाईपास-फगवाड़ा रोड पर ट्रक में लोड लेकर जा रहा था, तभी एक पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उसने चालान कटवा लिया। मनप्रीत सिंह के मुताबिक इसी दौरान पुलिसकर्मी ने अन्य ट्रक चालकों को भी रोक लिया।
उसने पूरे मामले की मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल छीन लिया। मोबाइल वापस लेने की कोशिश की तो पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना की वीडियो उसने मीडिया पर डाल दी। पुलिसकर्मी का इस तरह का व्यवहार गलत है और किसी व्यक्ति पर हाथ उठाना उचित नहीं है।
सीपी दफ्तर में शिकायत करेगा युवक
युवक ने कहा कि आप देख ही रहे हो, लड़के को बिना किसी बात के इन्होंने थप्पड़ मारा है। चलो, इनको नहीं पता था कि मैं वीडियो बना रहा हूं। मैं भी पूरी गुजरात होकर आया हूं, राजस्थान होकर आया हूं। 3 हजार किलोमीटर गाड़ी चला कर आया हूं, पर चालान कहां आकर हुआ।
युवक ने कहा कि वह पुलिस के इस व्यवहार को लेकर सीपी दफ्तर में शिकायत करेगा और कार्रवाई की मांग करेगा। पुलिस ने अभी तक वायरल वीडियो पर कोई सफाई नहीं दी है।








