best news portal development company in india

खेल टूर्नामेंट का ड्रोन पहुंचा एयरपोर्ट तक: रनवे के पास मंडराते देख मचा हड़कंप, 7 उड़ानों के बदले रूट

SHARE:

इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन दिखते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थी।

अमृतस​र-  अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में रविवार रात ड्रोन उड़ने की सच्चाई सामने आ गई है। अमृतसर पुलिस के मुताबिक ड्रोन संदिग्ध नहीं थे बल्कि खेल टूर्नामेंट के दौरान उड़ाए गए थे। हालांकि एयरपोर्ट के 8KM दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक है, इसके बावजूद ड्रोन रनवे के करीब आने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बीती रात ड्रोन दिखने के बाद अमृतसर आने वाली 7 फ्लाइटों को लैंडिंग नहीं करने दी गई थी। फ्लाइट्स के रूट तक बदल दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि पाबंदी के बावजूद ड्रोन उड़ाने को लेकर जांच की जा रही है।

पहले जानिए, क्या था पूरा मामला

रविवार रात करीब 10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में संदिग्ध ड्रोन जैसे उड़ते ऑब्जेक्ट्स दिखाई दिए। कुछ देर तक ऑब्जेक्ट्स रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाके में मंडराते रहे। रनवे के आसपास संदिग्ध गतिविधि नजर आते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत अलर्ट जारी किया। एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों की लैंडिंग रोक दी गई।

अमृतसर भारत-पाक इंटरनेशनल बॉर्डर से बेहद करीब स्थित होने के कारण इस घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया। अलर्ट मिलते ही सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया। वहीं, यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को देखते हुए एटीसी ने तत्काल कई उड़ानों के रूट बदल दिए।

अब जानिए, पुलिस की जांच में क्या निकला

अमृतसर के थाना राजासांसी पुलिस की जांच में पता चला है कि एयरपोर्ट के पास दिखाई दिया ड्रोन किसी संदिग्ध गतिविधि का हिस्सा नहीं थे। एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर स्थित एक गांव में खेल टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा था। टूर्नामेंट की वीडियोग्राफी करने के लिए एक व्यक्ति द्वारा ड्रोन उड़ाया गया था।

SHO बोले- पाबंदी के बावजूद कैसे उड़ाए, जांच कर रहे

इस बारे में थाना राजासांसी के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ड्यूटी अधिकारी एएसआई निरंजन सिंह ने एयरपोर्ट के बाहरी क्षेत्र में पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान इसकी पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एयरपोर्ट के करीब 8 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद ड्रोन उड़ाए जाने के मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई