जालंधर- जालंधर सिविल अस्पताल में मंगलवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना। इस दौरान उपचाराधीन 100 टीबी मरीजों को मुफ्त इलाज के साथ विशेष हाई-प्रोटीन डाइट किट प्रदान की गई।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सिविल अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले हर जरूरतमंद व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए।

100 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा : कैबिनेट मंत्री
मोहिंदर भगत ने बताया कि अस्पताल में इस समय 100 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह उबरने के लिए केवल दवाइयां पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मरीज के शरीर को रिकवरी के लिए भरपूर पोषण की भी जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मान सरकार ने इन मरीजों को एक महीने के लिए हाई-प्रोटीन युक्त डाइट किट मुफ्त देने का फैसला किया है, ताकि वे तेजी से स्वस्थ हो सकें।
मान सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मान सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है। स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें विभिन्न इलाकों में जाकर टीबी मरीजों की सक्रिय रूप से तलाश कर रही हैं। मरीजों की पहचान होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया जाता है।
अस्पताल के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे
दौरे के दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर गर्ग, डॉक्टर परमवीर और अस्पताल के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने आम जनता से अपील की कि वे झिझक छोड़कर आगे आएं और सरकार की ओर से चलाए जा रहे मुफ्त स्वास्थ्य अभियानों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।








