नकोदर- जालंधर जिले के नकोदर सदर थाना के इलाके में युवक से तेजदार हथियार दिखा कर 3.16 लाख लूट लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। जालंधर के रामा मंडी स्थित अजीत नगर के रहने वाले राहुल अरोड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करता है।
16 सितंबर की देर शाम वह अपने काम से लौट रहा था। गांव जमीतगढ़ कोसा के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे जबरन रोक लिया। राहुल ने बताया कि आरोपियों ने तेजधार हथियारों से उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश कंपनी के 3,16,599 रुपये से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।








