प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घोषणा की गई किकांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ अपने अभियानों को तेज करने के लिए 4 नवंबर को संगरूर में एक बड़ी रैली करने जा रही है। इसमे लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश भर में अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि संगरूर रैली के जरिए पंजाब के जलते मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर मान सरकार से सीधे जवाब मांगा जाएगा।

पंजाब के बिगड़े हालत को जन जन तक ले जाएंगे
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब के बिगड़े हालातों और सरकार की विफलता के खिलाफ 4 तारीख की संगरूर में विशाल रैली का मुद्दा होगा। इस रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विशेष रूप से शामिल होकर जनता की आवाज बुलंद करेंगे। इसके अलावा, कांग्रेस नेताओं ने ऐलान किया कि वे नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा के परिवार और पीड़ितों के समर्थन में लगातार विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसमें राज्य के हर हलके से पार्टी कार्यकर्ताओं के जत्थे शामिल होंगे।
कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दे
नशे का बढ़ता प्रकोप: कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पंजाब में हर रोज युवा नशे की ओवरडोज के कारण जान गंवा रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। नशा तस्करों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस आवाज उठाने वाले लोगों व पीड़ित परिवारों को परेशान कर रही है।
दिल्ली से सरकार चलाने का आरोप: पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सिर्फ नाममात्र के रह गए हैं और सारे फैसले दिल्ली से लिए जा रहे हैं।
अवैध खनन और भ्रष्टाचार: नेताओं ने दावा किया कि सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में नदियों से रात के अंधेरे में अवैध खनन (माइनिंग) किया जा रहा है। राज्य में रिश्वतखोरी चरम पर है।
गैंगस्टरवाद और फिरौती: राज्य में आए दिन गोलियां चलने और व्यापारियों से रंगदारी/फिरौती मांगने की घटनाएं आम हो चुकी हैं, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।







