पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के प्रदेश प्रधान परगट सिंह ने रविवार को राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डेरा प्रमुख से आशीर्वाद लिया।
मुलाकात के दौरान परगट सिंह ने पंजाब के मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक माहौल को लेकर सूबे में अमन-शांति, आपसी भाईचारे, सद्भावना और एकता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा देश को आपसी प्रेम, सांप्रदायिक सद्भाव और मानवता की सेवा का संदेश दिया है। इस विरासत को कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
युवाओं के भविष्य, नशे पर सबको मिलकर काम करना होगा
परगट सिंह ने कहा कि पंजाब आज कई चुनौतियों से गुजर रहा है। युवाओं का भविष्य, नशे की समस्या, सामाजिक सद्भाव और पंजाब की खुशहाली जैसे मुद्दों पर सभी वर्गों को मिलकर भूमिका निभाने की जरूरत है। पंजाब की तरक्की केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से ही सुनिश्चित हो सकती है। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को सेवा, विनम्रता, प्रेम और मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।








