ED की टीम ने उसके घर के बाहर CRPF तैनात कर दी है। किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की परमिशन नहीं है। पटवारी का AAP की विधायक से क्या कनेक्शन है, इसको लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हुई है।
वहीं विधायक अरोड़ा के 7 ठिकानों पर बुधवार सुबह 6 बजे से अभी तक रेड चल रही है। ED सोर्सेज के मुताबिक ये रेड नेशनल हाईवे नंबर 754A के निर्माण के लिए अधिगृहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजा घोटाले से जुड़े मामले में की जा रही है।

हाल ही में जमानत पर छूटा पटवारी
जिस पटवारी नवदीप सिंह के घर गुरूवार सुबह ED टीम ने रेड की, वह मोगा के धर्मकोट में तैनात रह चुका है। उसके खिलाफ 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था।

विधायक के घर से अस्पताल तक 7 ठिकानों पर रेड
ED की टीमों ने मोगा में विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के घर की तलाशी ली। इसके अलावा डोसांझ रोड स्थित मॉडल कॉलोनी के कैंप कार्यालय और जीटी रोड स्थित आइकॉन हाइट्स के एक फ्लैट को भी जांच के दायरे में लिया गया। खन्ना के नजदीक लिबड़ा गांव में विधायक के ननिहाल से जुड़े ठिकाने पर भी टीम पहुंची।
बाघापुराना स्थित आशीर्वाद नशा मुक्ति एवं पुनर्वास अस्पताल में भी तलाशी की जानकारी सामने आई है। इस अस्पताल का संबंध विधायक के पति डॉ. राकेश अरोड़ा से बताया गया है। इसके अलावा उनके पति से जुड़े अन्य परिसर और परिवार के सदस्यों व करीबियों से संबंधित एक अन्य ठिकाने पर भी कार्रवाई की गई।
सरकारी जमीन का फर्जी इंतकाल कर मुआवजा लेने का आरोप
इस पूरे मामले की शुरुआत पंजाब पुलिस की 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में दर्ज FIR से हुई थी। मामला मोगा जिले के आदरमान गांव की सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि नेशनल हाईवे-754A के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर फर्जी इंतकाल तैयार किया गया। इसके आधार पर सरकारी जमीन को निजी जमीन दर्शाकर मुआवजे की रकम हासिल की गई।
इस मामले में निजी लाभार्थी दिलखुश कुमारी को करीब 1 करोड़ 65 हजार 724 रुपये का मुआवजा जारी किया गया था। बाद की जांच में संबंधित जमीन पंजाब सरकार की पाई गई। आरोप है कि तत्कालीन तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव किया गया था। मोहाली की फॉरेंसिक साइंस लैब की जांच में भी दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षर कथित तौर पर फर्जी पाए गए।
लिबड़ा गांव में मोबाइल फोन कब्जे में लेने की चर्चा
रेड के दौरान ED की टीमों ने संबंधित परिसरों में दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच की। खन्ना के लिबड़ा गांव स्थित ठिकाने से मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं।
जांच एजेंसी कथित मनी ट्रेल का पता लगाने और मुआवजे की रकम कहां-कहां पहुंची, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। हालांकि, अब तक ED की ओर से नकदी, सोना या किसी अन्य संपत्ति की बड़ी बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

विधायक के आवास के बाहर किया था AAP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन
ED की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विधायक के आवास के बाहर एकत्रित होकरकेंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की थी। AAP नेताओं और विधायक के समर्थकों ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया।
गौरतलब है कि AAP ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जारी अपनी पहली उम्मीदवार सूची में डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को दोबारा मोगा से उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में चुनाव से पहले हुई ED की इस कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि तलाशी के दौरान ED को क्या अहम दस्तावेज और सबूत मिलते हैं तथा जांच में आगे क्या कार्रवाई होती है।








