गंभीर रूप से घायल युवक ने लुधियाना के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी ओंकार सिंह का बेटा हरमनवीर सिंह ट्यूशन पढ़ कर अपनी बाइक (PB 09 AB 1438 / P.B. 1438 N.) पर सवार होकर गोराया से अपने गांव वापस लौट रहा था।


सड़क पर रखे पाइप से टकराई बाइक
जब हरमनवीर गांव संग ढेसियां के पास पहुंचा, तो रास्ते में सड़क के बीचों-बीच सीवर के पाइप रखे हुए थे। रात या अंधेरे के समय सड़क पर रखे इन बड़े पाइपों का अंदाजा न लगने के कारण हरमनवीर की बाइक सीधे उनसे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लुधियाना के अस्पताल में हुई मौत
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को बेहद गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद लुधियाना के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, लुधियाना में इलाज के दौरान हरमनवीर ने जिंदगी की जंग हार गया और उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के हलका इंचार्ज भाई दविंदर सिंह खालसा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह इतनी दुखद घटना है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
संबंधित विभाग या ठेकेदार केस दर्ज करने की मांग
दविंदर सिंह खालसा ने प्रशासन और ठेकेदारों की नाकामी पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठेकेदार की लापरवाही की कीमत एक मासूम युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि सड़क पर रखे सीवर पाइपों पर न तो कोई रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाया गया था और न ही वहां कोई चेतावनी लाइट लगाई गई थी।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सड़क के बीच में बिना सुरक्षा इंतजामों के इस तरह पाइप छोड़ देना बहुत बड़ी लापरवाही है। उन्होंने मांग की कि इस हादसे के जिम्मेदारों और संबंधित विभाग या ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या या मर्डर का केस दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।







