अमृतसर। पहले खालिस्तान आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कॉमेडियन कपिल शर्मा को कनाडा में कैफे खोलने पर धमकी दी है। पन्नू ने वीडियो जारी करके कहा कि कपिल खुद को हिंदूवादी बताता है। उसके कैफे पर फिर गोलियां चलाई जा सकती हैं और खालिस्तानी समर्थकों पर आरोप लगाए जा सकते हैं।

कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग के बाद आतंकी पन्नी ने वीडियो जारी कर उन्हें धमकी दी।
पन्नू ने कहा- भारत के लोग कनाडा के सर्रे शहर में निवेश कर रहे हैं। क्या कपिल का कैफे सिर्फ एक कॉमेडी कैफे है या हिंदुत्व का वैश्विक विस्तार करने की एक रणनीति का हिस्सा है? ये लोग कनाडा में बिजनेस कर रहे हैं, भारत में क्यों नहीं?
जब वो कनाडा के कानून को नहीं मानते तो यहां क्यों आ रहे हैं, ये कोई खेल का मैदान नहीं है। अपना पैसा लेकर वापस हिंदुस्तान जाओ। यहां हिंदुत्व विचारधारा नहीं चलेगी। हालांकि, दैनिक भास्कर पन्नू के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का मामला जानिए…
9 जुलाई की रात को फायरिंग हुई
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सर्रे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग हुई। कपिल शर्मा ने तीन दिन पहले 7 जुलाई को कैप्स कैफे नाम के इस कैफे का उद्घाटन किया था। दावा किया गया कि हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की। इसका वीडियो भी सामने आया।
आतंकी लाड़ी ने जिम्मेदारी ली
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कपिल के कैफे पर हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली। वह बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है। वह भारत में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की लिस्ट में मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में शामिल है।
कपिल की टीम ने कहा- हम हार नहीं मानेंगे
हमले के बाद कैप्स कैफे की तरफ से पोस्ट में लिखा गया- हमने कैप्स कैफे को सिर्फ एक बिजनेस के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसी जगह के रूप में शुरू किया था, जहां लोग कॉफी के साथ बातचीत करते हुए सुकून पा सकें। मगर, इस सपने के साथ इस तरह की हिंसा का टकराव होना दिल तोड़ने वाला है। हम इस सदमे से जूझ रहे हैं, पर हार नहीं मानेंगे।







