शिमला। ठियोग में सेब से लदा ट्रॉला फंसने से ठियोग-सैंज-चौपाल और छैला-राजगढ़-सोलन सड़क बीती रात बंद हो गई थी। हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शिमला जिले के रामपुर-कुशवा में सोमवार अलसुबह 3 बजे भारी बारिश से लैंडस्लाइड हुआ। इससे 3 घरों और 3 हजार से ज्यादा सेब के पौधों को नुकसान हुआ है।
वहीं, कुल्लू के मनाली डिवीजन में सुबह के वक्त भारी बारिश के बाद सभी सरकारी-प्राइवेट स्कूलों और आईटीआई में आज के लिए छुट्टी कर दी गई। मनाली के SDM ने इसे लेकर आदेश जारी किए। मनाली में ब्यास नदी का जल स्तर भी सुबह 10 बजे तक बढ़ रहा था। बारिश थमने के बाद जल स्तर कम होना शुरू हुआ है।

ठियोग-सैंज-चौपाल सड़क बंद
शिमला के ठियोग-सैंज-चौपाल और छैला-माइपुल-राजगढ़-सोलन सड़क पर बीती रात 8 बजे सेब से लदा ट्रॉला फंस गया। इससे हाईवे 12 घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह बंद रहा। आज सुबह 11 बजे के करीब सड़क को वाहनों के लिए बहाल किया जा सका।
प्रदेशभर में 295 सड़कें बंद
वहीं, शिमला के पंथाघाटी में भी रात 9 बजे के करीब लैंडस्लाइड हो गया। इसका मलबा व पत्थर कुछ दुकानों में घुस गए। हालांकि, लैंडस्लाइड से कुछ समय पहले लोगों ने वहां पार्क की गई गाड़ियां हटा दी थीं। इससे पंथाघाटी-आईएसबीटी सड़क बंद हो गई। प्रदेश में बीते तीन-चार दिन से हो रही बारिश के कारण 295 सड़कें बंद पड़ी हैं।









