जालंधर। पंजाब में जालंधर के मशहूर ट्रैवल ब्लॉगर अमरीक सिंह को पंजाब पुलिस ने छोड़ दिया है। उन्हें पाकिस्तान की यात्रा करने के बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के सीक्रेट इनपुट के आधार पर हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उनसे घंटों पूछताछ की गई।
यूट्यूबर से उनकी पाकिस्तान यात्रा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पूछताछ की गई। साथ ही साथ उनका डिजीटल डिवाइस भी जांच एजेंसियों ने जब्त किया है। इसकी पुष्टि खुद यूट्यूबर ने की है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने आधिकारिक रूप कोई बात नहीं की है।
यह मामला हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तान मूल के नासिर ढिल्लों से जुड़े कथित जासूसी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, अमरीक सिंह को सोमवार शाम पुलिस ने फोन कर थाने में बुलाया था। अमरीक के थाने पहुंचने के कुछ देर बाद उनका फोन बंद हो गया था। रात करीब साढ़े 8 बजे अमरीक का फोन चालू हुआ और फिर बंद हो गया।
इसके बाद सोमवार को लगभग 10 बजे IB की टीम पुलिस सुरक्षा के बीच दोबारा अमरीक के घर पहुंची और अमरीक के यूट्यूब चैनल और दिसंबर 2024 में हुई पाकिस्तान यात्रा के बारे में अमरीक की पत्नी मनप्रीत कौर से सवाल-जवाब भी किए गए थे।
जालंधर के लोहियां खास थाने में अमरीक को पूछताछ के लिए लाया गया था। अमरीक के घर से IB टीम ने एक डिजीटल डिवाइस कब्जे में लिया था। ये वही डिजीटल डिवाइस का था, जिसमें अमरीक अपने वीडियो शूट करते थे और वीडियो से संबंधित सारा काम करते थे।

दिसंबर 2024 में पत्नी संग पाकिस्तान गए अमरीक
दिसंबर 2024 में अमरीक सिंह और उनकी पत्नी मनप्रीत कौर धार्मिक पर्यटन के तहत पाकिस्तान गए थे। वहां उन्होंने करतारपुर साहिब, ननकाना साहिब और लाहौर के ऐतिहासिक स्थलों पर वीडियो शूट किए। अमरीक के चैनल पर इन वीडियो को लाखों व्यूज मिले।
लेकिन, एजेंसियों को शक है कि इस यात्रा के दौरान उनका संपर्क कुछ ऐसे लोगों से हुआ, जो पाक खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करते हैं। IB सूत्रों के अनुसार इसी यात्रा के बाद से एजेंसियां अमरीक और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
ISI एजेंट ढिल्लों के साथ वीडियो बनाए
अमरीक जब पाकिस्तान गए थे, तब उन्होंने पाकिस्तानी यूट्यूबर और कथित ISI एजेंट नासिर ढिल्लों के साथ वीडियो बनाए थे। अमरीक को पाकिस्तान बॉर्डर पर नासिर ढिल्लों ही लेने आया था। जानकारी के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में अमरीक और उनकी पत्नी मनप्रीत कौर अटारी बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान गए थे।








