फिरोजपुर। पंजाब पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर पंजाब को दहलाने की बब्बर खालसा की साजिश को नाकाम कर दिया। फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सूचना के आधार पर दो आतंकी गिरफ्तार किए हैं। यह आतंकी प्लान पाकिस्तान में छिपे बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के ऑपरेटिव हरविंदर रिंदा द्वारा रचा गया था, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन प्राप्त था।
डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी यूके, अमेरिका और यूरोप में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। वे ग्रेनेड का इस्तेमाल कर सरकारी कार्यालयों और कार्यक्रमों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव भुल्लड़ निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और अमृतसर जिले के गांव रामपुरा निवासी गुलशन सिंह उर्फ नंदू के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले और उस घटना के दो दिन बाद हुई है जब पंजाब पुलिस ने राजस्थान के टोंक और जयपुर जिलों से बीकेआई मॉड्यूल के पांच सदस्यों, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल थे, को गिरफ्तार कर उनके पास से एक 86पी हैंड ग्रेनेड और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की थी।

विदेश से हैंडलर भेज रहे थे संदेश
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी यूके, अमेरिका और यूरोप में बैठे अपने विदेश-आधारित हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ये आरोपी ग्रेनेड का इस्तेमाल कर सरकारी भवनों और पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर राज्य की शांति और सद्भाव को भंग करने की साजिश रच रहे थे। एआईजी सीआई फिरोज़पुर गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सीआई फिरोज़पुर की टीमों ने इंटेलिजेंस ऑपरेशन चलाकर फिरोज़पुर के तलवंडी भाई से हरप्रीत सिंह और गुलशन सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों का रिमांड हासिल कर लिया है और पूछताछ में देश-विदेश में उनके संपर्कों और संभावित निशानों के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है।
इस मामले में पुलिस स्टेशन एसएसओसी फाजिल्का में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
दो हैंड ग्रेनेड बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, एक बेरेटा 9 एमएम पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई करके एक बड़े आतंकी हमले को रोका गया, जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह और पंजाब की सुरक्षा पर गंभीर खतरा टल गया।








