SIR सरल शब्दों में वोटर लिस्ट रिवीजन के खिलाफ ‘वोट अधिकार यात्रा’ के दूसरे दिन राहुल गांधी का काफिला औरंगाबाद से गयाजी पहुंच गया है। काफिला फिलहाल गयाजी के डबूर में रुका है। शाम साढ़े बजे खलिश पार्क चौक में जनसभा होगी। गयाजी में राहुल की यात्रा को लेकर युवाओं में क्रेज दिखा। बड़ी संख्या में युवक नजर आए। लोग राहुल-तेजस्वी को देखने के लिए बसों की छत और पेड़ पर चढ़ गए। युवाओं का कहना है, ‘हमलोग राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को देखने आए हैं। उनसे उम्मीद है। बिहार में वैसे तो बस पेपर लीक हो रहा है।’

औरंगाबाद के सूर्य मंदिर में की पूजा
इससे पहले सोमवार सुबह राहुल गांधी औरंगाबाद के देव पहुंचे। जहां सूर्य मंदिर में राहुल गांधी ने पूजा की। दंडवत द्वार से राहुल गांधी मंदिर के अंदर गए। गर्भ गृह में पहुंचे, हाथों में फूल लेकर संकल्प किया फिर पूजा की। भगवान के आगे माथा टेका। करीब 5 मिनट बाद गर्भ गृह से बाहर निकले तो ललाट पर तिलक, गले में माला और कंधे पर गुलाबी चुनरी थी। उसके बाद उन्होंने जल चढ़ाकर मंदिर की परिक्रमा भी की।
गर्भ गृह के बाहर लगे बड़े से घंटे को बजाया और पुजारी से मंदिर का इतिहास भी जाना। इस दौरान तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी भी साथ रहे, उन्होंने भी पूजा की। मंदिर में पूजा-परिक्रमा करने के बाद राहुल दंडवत द्वार से बाहर निकले और उनका काफिला रफीगंज के लिए रवाना हो गया।


किसानों से नहीं हुई मुलाकात
इससे पहले सुबह करीब 8 बजे राहुल गांधी का काफिला औरंगाबाद के अंबा होते हुए देव के लिए निकला था। राहुल गांधी का काफिला न अंबा चौक पर रुका, न उन्होंने किसानों से मुलाकात की। इसे लेकर कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र के अंबा में राहुल गांधी के समर्थकों में नाराजगी दिखी। बभंडीह विश्राम गृह से 2 किलोमीटर की दूरी पर सतबहिनी मंदिर के पास से भी कांग्रेस का काफिला सीधे निकल गया।
जबकि पार्टी के कार्यकर्ताओं के अनुसार मंदिर पर रुकने की बात बताई जा रही थी। कार्यकर्ता माला लेकर इंतजार ही करते रह गए। इधर बाजार के चौक पर सभा होने थी, यहां भी काफिला चंद सेकेंड के लिए भी नहीं रुका। दोनों जगह राहुल के फैंस नाराज हुए और वापस हो गए। वहीं भारतमाला परियोजना के प्रभावित किसानों की टीम राहुल गांधी से मिलने विश्राम स्थल पर पहुंची थी, लेकिन राहुल गांधी उनसे भी नहीं मिले। किसान इंतजार करते रह गए।








