होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले के मंडियाला में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। शुरू में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शनिवार रात तक 5 लोगों की मौत हो गई। आज सुबह 2 और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मरने वालों की संख्या 7 हो गई।
गांव वालों का कहना है कि सरकार द्वारा सिर्फ 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने से वे नाराज हैं। मरने वालों में जसविंदर कौर और उनके पति मनजीत सिंह, आराधना वर्मा और उनके पति धर्मेंद्र वर्मा, विजय (मध्य प्रदेश, ग्वालियर), सुखजीत सिंह और बलवंत राय वर्मा शामिल हैं। बलवंत राय मेडिकल स्टोर चलाते थे।
घायलों में बलवंत सिंह, हरबंस लाल, अमरजीत कौर, सुखजीत कौर, ज्योति, सुमन, गुरुमुख सिंह, हरप्रीत कौर, कुसुमा, भगवान दास, लल्ली वर्मा, सीता, सुषमा, अजय, संजय, राघव, पूजा और अभी शामिल हैं। इनमें भगवान दास, सुषमा, सीता, विजय और अजय ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं। नाराज गांव वालों ने रविवार को हाईवे पर फिर से धरना देकर ट्रैफिक बाधित कर दिया।

एसएसपी बोले- 4 लोग गिरफ्तार किए, 50 सिलेंडर बरामद
SSP संदीप मलिक ने कहा- हमें शिकायतें मिली थी कि उक्त जगह पर गैस की चोरी होती है। अवैध तौर पर काला बाजारी की जाती है। मामले में हमने दो एफआईआर दर्ज किए गए हैं। जिसमें एक एक्सीडेंट की एफआईआर है और साथ ही साथ दूसरी एफआईआर अवैध रूप से गैस भरे जाने और अवैध गतिविधि करने की है।
दोनों केसों में होशियारपुर के गांव राम नगर टोहा के रहने वाले सुखचैन सिंह सुक्खा (घटनास्थल से कुछ दूरी पर घर है), होशियारपुर-जालंधर से सटे गांव के रहने वाले अवतार सिंह मट्टी, जालंधर के रहने वाले रमेश कुमार और राज कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों से पुलिस ने करीब 50 से ज्यादा सिलेंडर, 8 ड्रम ऑयल, गैग ट्रांसफर करने वाली पाइपें सहित अन्य सामान सामने आया है।
सुखचैन सिंह सुक्खा दस सिंलेडर, पाइपें बरामद हुईं है। सुक्खा के घर के पास ही उसने भैंसों को खड़े करने के लिए एक खुली जगह और शेड बनाया हुआ था। उसी जगह पर अवैध रूप से गैस भरी जाती थी। उक्त टैंकर ने भी उसी जगह पर जाना था।
अवतार सिंह पर दर्ज हैं 8 एफआईआर, जालंधर के भी दो गिरफ्तार
अवतार सिंह मट्टी ने आदमपुर के पास टेंट का काम करता है, जोकि सिर्फ दिखावे के लिए था। जिसके एवज में गैस चोरी का काम कर रहा था। अवतार सिंह अपने ट्रकों को लेकर जाता था और वहां से गैस चोरी करवाता था। अवतार सिंह खुद भी एक ट्रक का ड्राइवर था। अवतार सिंह पर आठ एफआईआर पहले से दर्ज हैं। जिसमें मारपीट और गैस चोरी के आरोप हैं। रमेश कुमार और राज कुमार से 40 सिलेंडर सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
मामले में मजिस्ट्रेट इंक्वारी मार्क की गई है। कमेटी में फूड सप्लाई विभाग, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड, पुलिस की टीमें शामिल हैं। वहीं, हाईवे पर ट्रकों को न खड़े होने देने के लिए पुलिस और आरटीए एक साथ मिलकर काम करेंगे।

हादसा रात 9:56 पर, CCTV में पूरी घटना कैद
हादसे का समय सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा है। यह हादसा शुक्रवार रात 9 बजकर 56 मिनट पर हुआ। वीडियो में नजर आता है कि सब्जियों से भरी एक पिकअप गाड़ी ने गैस टैंकर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तुरंत गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका गैस से भर गया। अचानक आग लग गई और देखते-देखते पूरा गांव आग के गोलों में बदल गया।

पढ़ें क्या है पूरा मामला
होशियारपुर में सब्जी से भरी पिकअप की टक्कर से LPG टैंकर में हुए ब्लास्ट में अब तक एक महिला समेत 7 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्लास्ट के बाद करीब 200 मीटर के दायरे में आती लगभग 25 दुकानों और 10 घरों को नुकसान हुआ पहुंचा है। कई घरों की छतें गिर गईं।
जिस पिकअप की टैंकर के नोजल से टक्कर हुई, उसके ड्राइवर का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। जबकि, टैंकर ड्राइवर की मौत हो गई थी। CM भगवंत मान ने मरने वालों के परिवार को 2-2 लाख का मुआवजा और घायलों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया था। बता दें कि शुक्रवार और शनिवार करीब 14 घंटे तक हाईवे बाधित रहा था।
घायलों ने बताया है कि यह धमाका इतना जबरदस्त था कि लोगों को लगा जैसे पाकिस्तान ने मिसाइलें दाग दी हों। उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। ब्लास्ट के बाद गैस के रिसाव के साथ आग फैली तो लोगों के छतों पर रखा सारा सामान भी जल गया। पुलिस की बैरिकेडिंग भी पूरी तरह से जल गई थी।







