पंजाब के 9 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला शामिल है। बाढ़ से अभी तक कुल 1018 गांव प्रभावित हुए हैं। लोगों के घर और खेत पानी में डूब गए हैं। घरों से लेकर फसलों तक को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत एवं बचाव कार्यों में सरकार, एनडीआरएफ की 11 टीमें और चार जिलों में सेना की टीमें जुटी हुई हैं। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर शामिल है।

गुरदासपुर में धुस्सी बांध टूटने से अजनाला शहर तक पहुंचा पानी। लोग इससे मुश्किल में आ गए हैं।
वहीं, रावी नदी का जलस्तर बढ़ने से गुरदासपुर के घोनेवाले में धुस्सी बांध टूट गया। इसके चलते पानी करीब 15 किलोमीटर दूर अजनाला शहर तक पहुंच गया। इस बाढ़ की वजह से 80 गांव पानी में डूब गए हैं। मौसम विभाग की तरफ से अब दोपहर पौने एक बजे तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। सुल्तानपुर लोधी में काली बेई भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ब्यास का जल स्तर बढ़ गया है। जिससे कपूरथला, होशियारपुर और उससे सटे इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। कपूरथला डीसी ने इलाके के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।











