best news portal development company in india

जालंधर में भारी बारिश से जलभराव, हालात काबू में-डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल

SHARE:

जालंधर/अंकित जैन

लगातार 12 घंटे से अधिक समय तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद जालंधर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, लेकिन जिला प्रशासन की तत्परता और पंजाब सरकार के निर्देशों पर की गई संयुक्त कार्रवाई के चलते हालात नियंत्रण में हैं। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने सोमवार सुबह व्यक्तिगत रूप से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उनके साथ नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि भी मौजूद रहे। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि बारिश के कारण घरों और बेसमेंट में पानी घुसने की 200 से अधिक शिकायतें बाढ़ नियंत्रण कक्ष में दर्ज हुई थीं, जिनका तुरंत निपटारा किया गया। उन्होंने कहा कि बरसात का पानी काला संघिया ड्रेन के जरिए सतलुज नदी में डाला जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गिद्दड़पिंडी से करीब 70 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है, जबकि बांध की क्षमता एक लाख क्यूसेक है, ऐसे में घबराने की कोई बात नहीं है। साथ ही, भाखड़ा डैम से छोड़े जाने वाले पानी पर भी प्रशासन पैनी नजर रखे हुए है। लोगों की सुरक्षा के लिए जिले में 54 राहत केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से आठ वर्तमान में सक्रिय हैं और संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को एहतियातन वहां शिफ्ट किया गया है। डिप्टी कमिश्नर ने जनता से अपील की कि वे घबराएं नहीं क्योंकि पंजाब सरकार और जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जलभराव को खत्म करने और हालात सामान्य करने में जुटे हैं। उन्होंने जिले के बाढ़ नियंत्रण कक्ष का नंबर (0181-224006) और व्हाट्सएप हेल्पलाइन (9646222555) भी साझा किया ताकि लोग जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *