बठिंडा। पंजाब के बठिंडा जिले में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपनी शादीशुदा बेटी और उसकी दो साल की बच्ची की भरे बाजार दरांती से काटकर हत्या कर दी। बीच बचाव में आए बेटी के ससुर पर भी हमला कर घायल कर दिया। इस वारदात में व्यक्ति के बेटे ने भी साथ दिया। दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के बाद दोनों पिता-पुत्र वहां से फरार हो गए। घटना से बाजार में अफरा तफरी मच गई। लोग इकट्ठा हो गए। मगर, तब तक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ा। घायल ससुर का इलाज जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को शवों को कब्जे में ले लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता नंबरदार है। वह अपनी बेटी की इंटरकास्ट लव मैरिज से नाराज था। इसी वजह से यह हत्या की। फिलहाल, पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

जानिए पूरा मामला….
- चार साल पहले की की थी गांव के लड़के से लव मैरिज : मृतकों की पहचान गांव विरक कलां निवासी जसमनदीप कौर और उसकी बच्ची एकमनूर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जसमनदीप ने करीब 4 साल पहले गांव के ही एक युवक रवि शर्मा से लव मैरिज शादी की थी। परिवार ने इस शादी को कभी स्वीकार नहीं किया और इसी वजह से घर में लगातार विवाद चलता रहा। शादी के बाद महिला पति के साथ गांव में ही रहने लगी और उनकी बच्ची एकमनूर हुई, जो अभी महज दो साल की थी।
- बेटी की दवाई लेने जा रही थी, भरे बाजार किया हमला : पुलिस के मुताबिक, सोमवार की सुबह करीब दस बजे जसमनदीप अपनी बेटी एकमनूर के साथ डॉक्टर के यहां जा रही थी। एकमनूर को बुखार था तो वह उसे दवाई दिलवाने के लिए घर से चली थी। साथ में जसमनदीप का ससुर भी था। जैसे ही तीनों बस अड्डे के पास बाजार में पहुंचे तो जसमनदीप के पिता राजवीर सिंह नंबरदार और उसके बेटे परमपाल ने उन्हें रोक लिया और बात करने के लिए अकेले में बुलाया। इस पर बेटी ने मना कर दिया तो पिता-पुत्र ने उन पर दरांती से हमला कर दिया।
- मां-बेटी पर दरांती से कई वार किए, ससुर पर भी हमला : पुलिस के मुताबिक, अचानक हमले से जसमनदीप ने शोर मचाते हुए बचने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपियों ने उसे पकड़कर उस पर ताबड़तोड़ वार किए। गोद में ली गई मासूम एकमनूर पर भी कई वार किए। जसमनदीप के ससुर ने बचाने की कोशिश की तो उस पर भी हमला किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी पिता-पुत्र वहां से फरार हो गए।
- मासूम बेटी ने मौके पर दम तोड़, मां ने अस्पताल में : पिता-पुूत्र के भाग जाने के बाद लोगों ने घायल मां-बेटी को उठाया। मगर, मासूम एकमनूर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि जसमनदीप की हालत काफी गंभीर थी। लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। जसमनदीप के घायल ससुर को उपचार के लिए भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस और जसमनदीप का पति रवि शर्मा अस्पताल पहुंचा और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की
इस संबंध में डीएसपी हरजीत सिंह ने घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बना दी गई हैं, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
परिवार में गम का माहौल, आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
उधर, इस वारदात के बाद रवि शर्मा के परिवार में गम का माहौल है। जसमनदीप के पति रवि शर्मा ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में वैन चलाने का काम करता है। उन्हें कभी नहीं लगा कि पत्नी के पिता और भाई ऐसा कदम उठा सकते है। नाराजगी जरूरी थी, लेकिन हत्या कर देंगे, यह तो कभी नहीं सोचा था। उसने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पंजाब के कई गांवों में लव मैरिज पर रोक
पंजाब के कई गांवों में अपने ही गांवों में शादी कराने के बढ़ते प्रचलन के कारण पंचायतों ने सामूहिक बहिष्कार के प्रस्ताव पारित किए गए थे। बठिंडा जिले के गांव कोटशमीर, फरीदकोट के गांव सिरसड़ी व अनोखपुरा और मानसा जिले के गांव सैदेवाला की पंचायतों ने बैठक कर यह प्रस्ताव पारित किया कि कोई भी युवक अपने ही गांव में शादी नहीं कराएगा। जो ऐसा करेगा, उसका सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा। फरीदकोट जिले के कोटकपूरा विधानसभा क्षेत्र के गांव सिरसड़ी, मोहाली जिले की मानकपुर शरीफ पंचायत और मोगा जिले की घल कलां पंचायत ने में भी ऐसा ही प्रस्ताव पारित किये थे। पंचायतों का मानना है कि अपने ही गांव में शादी कराने से सामाजिक मान्यताएं कमजोर हो रही हैं, जिस कारण ऑनर किलिंग के मामले भी बढ़ने लगे हैं। सरपंचों ने पंजाब सरकार से इस प्रस्ताव को राज्यभर में लागू करने की मांग की है।







