best news portal development company in india

सभी गावों को 1 लाख रुपए टोकन मनी दी जाएगी, खजाना खाली नहीं- मुख्यमंत्री भगवंत मान

SHARE:

चंडीगढ़ । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि आज से बाढ़ प्रभावित इलाकों में गिरदावरी (नुकसान का आकलन) शुरू हो गई है।

सीएम मान ने कहा कि अब कई जगहों पर पानी का स्तर नीचे आ गया है। करीब 2300 गांवों और वार्डों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सरकार हर गांव में जेसीबी और लेबर की व्यवस्था करेगी।

ओपन डिबेट पर तंज

मान ने बताया कि उन्होंने पंजाब के मुद्दों पर सभी नेताओं को ओपन डिबेट का चैलेंज दिया था। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने चुनौती स्वीकार कर ली है।  लेकिन सीएम मान ने तंज कसते हुए कहा- “अब मैं बिट्टू से क्या डिबेट करूं। उनकी कोई सुनता ही नहीं। जब मैंने धूरी में रेलवे पुल बनाने की बात कही थी तो उन्होंने खुद मान लिया था कि यह उनके बस की बात नहीं। हां, कोल्ड ड्रिंक मशीन लगवानी हो तो करवा सकते हैं।” मान ने आगे कहा कि भाजपा को भी पता है, जो अपने दल के नहीं हो सके, वो उनके भी नहीं होंगे।

100 करोड़ रुपए सफाई मुहिम के लिए सरकार ने रखे

बाढ़ में काफी जानवर भी आए है। मरे हुए जानवरों का निपटारा करवाने का प्रबंध किया गया है। सभी गांवों में फोगिंग करवाई जाएगी। इस मुहिम में सरकार ने 100 करोड़ रुपए फंड रखा है। पहले सभी गावों को 1 लाख रुपए टोकन मनी दी जाएगी। इसके बाद जितने जरूरत होगी उतने पैसे देंगे। 24 सितंबर तक ये सारा काम निपटा दिया जाएगा। हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। अगली फसल की बिजाई का समय हो रहा है। कई गांवों और पंचायतों में जो धर्मशाला आदि को नुकसान हुआ है उसे 15 अक्तूबर तक ठीक कर दिया जाएगा।

मान ने कहा कि 22 अक्तूबर तक छप्पड़ आदि की सफाई करवा दी जाएगी। कोई बीमारी ना फैले इसे लेकर सरकार द्वारा सभी 2300 गांवों में कैंप लगाएंगे। 506 गांवों में पहले से मोहल्ला क्लिनिक चल रही है। सरकारी स्कूलों में मैडिकल स्टाफ और डॉक्टर हर समय मौजूद रहेंगे।

दो दिन बाद 550 एम्बुलेंस रहेगी हर समय तैयार

मान ने कहा कि दो दिन बाद सरकार 550 एम्बुलेंस तैयार रहेगी। अब तक 713 गांवों में अढ़ाई लाख के लगभग पशु बाढ़ से प्रभावित है। उन्हें बीमारियों से बचाने के लिए मुहिम शुरू की जा रही है। प्रत्येक गांव में वेटनरी डॉक्टर तैनात रहेंगे। पशुओं से संबंधित सफाई की आखिरी तारिख 30 सितंबर होगी।

16 सितंबर से मंडियों में खरीद होगी शुरू

मान ने कहा कि मंडियों के हालात बिल्कुल ठीक है। धान आते ही बिक जाएगी। 16 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। अभी तक प्राइवेट 3 हजार क्विंटल धान खरीद रहे है। जो मंडियां बाढ़ की चपेट में आई है उन्हें रिपेयर करके 19 सितंबर तक नार्मल खरीद के लिए तैयार कर दिया जाएगा। रोजाना की खरीद के आकड़े सरकार जारी किया करेगी।

मुझे यकीन है कि हम इस संकट से बहुत जल्द निकल कर दोबारा से आमजन जीवन में पहुंच जाएंगे। हम पहले से अधिक मजबूत होकर निकलेगे। राज्यपाल को लेकर मान ने कहा कि कुछ ऐसे प्रदेश है जहां के राज्यपाल किसी न किसी मुद्दे को लेकर कन्ट्रोवर्सी पैदा करते है। लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल को केन्द्र के आगे प्रदेश के हित में बात रखनी चाहिए। मान ने कहा कि कुछ लोग ऐसे है कि सोशल मीडिया पर गलत प्रचार कर रहे है। मैं दो दिन अस्पताल में दाखिल था तो कुछ मीडिया चैनल वाले 3 से 4 मुख्यमंत्री नए पंजाब में बनाने की बातें करने लगे थे।

गुटबंदी करने वाले पार्टी से हो चुके बाहर

अरविंद केजरीवाल ने श्री दरबार साहिब में खड़े होकर कह दिया था कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ही रहेंगे। फिर भी कुछ विद्वान अफवाहें फैलाते हुए चैनलों पर व्यू लेने के लिए इस तरह की बातें करते है। मान ने कहा कि हमारी पार्टी संघर्ष से निकली पार्टी है। हमारे पार्टी में कोई गुट नहीं है। लोग ही हमारे गुट के मैंबर है। कुछ लोग पार्टी में गुटबाजी करने आए थे लेकिन समय रहते ही वह बाहर हो गए।

भीख नहीं, पंजाब का हक मांग रहा हूं

मान ने कहा कि मैं केन्द्र सरकार से कोई भीख नहीं मांग रहा। पंजाब का हक मांग रहा हूं। मैं कोई स्पेशल फंड नहीं मांगता। हमारा जीएसटी फंड दे। हमारा आरडीएफ फंड दे। विधान सभा में एक्ट भी पास कर दिया फिर भी हमारा हक रोका हुआ है।

मान ने कहा कि हमारा खजाना बिल्कुल खाली नहीं है। हमने लोगों को बिजली मुफ्त दी हुई है। एसएसएफ टीम बनाई हुई है। किसानों के खेतों में पानी पहुंच रहा है। सरकार किसी गरीब का हक नहीं मारती। हमारे लिए सभी एक बराबर है। केन्द्र सरकार चाहती है कि भगवंत मान को तंग करें लेकिन जनता अब सब समझ रही है।

भगवंत मान को पैसा ना देकर तंग नहीं किया जा सकता। मान ने कहा कि जिसका रेत उसकी खेत इसका नोटिफिकेशन जारी करने की हमें जरूरत नहीं है क्योंकि विधान सभा में ये पास कर दिया है। पंजाब में सबसे जरूरी स्कूल और मोहल्ला क्लिनिक है जिन्हें सही से चलाया जा रहा है। देश के साथ हमेशा पंजाब खड़ा है लेकिन अब देश को भी पंजाब के साथ खड़ा होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई