best news portal development company in india

कल पंजाब आएंगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी : अमृतसर-गुरदासपुर में बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे

SHARE:

अमृतसर।  पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हाल जानने के लिए कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी कल यानी सोमवार को पंजाब पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी का दौरा राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी सुबह 9:30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एयरपोर्ट से सीधे वे रामदास क्षेत्र जाएंगे, जहां बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।

रामदास में राहुल गांधी गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब जी में भी मत्था टेकेंगे और प्रार्थना करेंगे। गुरुद्वारा में वे सेवा कर रहे संगत से बातचीत करेंगे और पीड़ित परिवारों की परेशानियों को सुनेंगे। इसके साथ ही वे राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय प्रशासन व संगठनों से मिलकर राहत सामग्री व पुनर्वास कार्यों की स्थिति पर चर्चा करेंगे।

बाढ़ प्रभावितों से करेंगे मुलाकात

इसके बाद राहुल गांधी गुरदासपुर जाएंगे, जहां वे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे। वे स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर यह जानेंगे कि उन्हें किस प्रकार की मदद की सबसे ज्यादा जरूरत है। दौरे के बाद राहुल गांधी शाम तक दिल्ली लौट जाएंगे।

बता दें कि, पंजाब में पिछले दिनों आई बाढ़ ने हजारों परिवारों को प्रभावित किया है। खेत जलमग्न हो गए हैं, घरों में पानी भर गया था और लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। प्रशासन और सामाजिक संगठन राहत व बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रभावित इलाकों में खाने-पीने का सामान, दवाइयां और अन्य जरूरी मदद पहुंचाई जा रही है।

राहुल गांधी ने पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर जताई थी चिंता

गौरतलब है कि, राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हालात पर चिंता जताई थी। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि देश के कई हिस्से जिनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, मैं भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की कामना करता हूं।

उन्होंने सरकार से अपील की थी कि सभी प्रभावित इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर बचाव अभियान तेज किया जाए, ताकि जनहानि रोकी जा सके और जरूरतमंदों को समय पर मदद पहुंच सके। साथ ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी उन्होंने अपील की थी कि वे प्रशासन की मदद करते हुए राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *