VIDEO | Uttarakhand: Cloudbursts at several places in Sahastradhara caused rivers and water streams to swell, leading to a sharp rise in water levels.#Uttarakhand #Cloudburst
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/fFpDIMYJrt
— Press Trust of India (@PTI_News) September 16, 2025
देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। देहरादून में बादल फटने की घटना हुई, जिससे कई दुकानें तबाह हो गई। टपकेश्वर महादेव मंदिर में तमसा नदी का पानी भर गया, वहीं ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी उफान पर आ गई, जिससे वाहन फंस गए और एनडीआरएफ ने लोगों को रेस्क्यू किया। देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर फन वैली और डेंटल कॉलेज के पास पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।
देहरादून में बादल फटने की घटना, दो लोग लापता
देहरादून जिले में देर रात बादल फटने की घटना ने हड़कंप मचा दिया। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के जाने माने टूरिस्ट स्पॉट सहस्त्रधारा में भारी बारिश के कारण रात में बादल फटने की घटना हुई। जिला प्रशासन का बचाव और राहत अभियान जारी है। जानकारी के मुताबिक इस घटना में कुछ दुकानें बह गईं, जबकि दो-3 लोगों के लापता होने की खबर है जिनकी तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक देहरादून के एक मुख्य बाजार में बादल फटने के बाद काफी मलबा नीचे आ गया था, उसी वजह से कई होटलों को भारी ऋति पहुंची और दो से तीन लोग लापता हो गए। एक मार्केट में तो सात से आठ दुकानें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। इस बादल फटने की वजह से 100 के करीब लोग फंस भी गए थे जिन्हें काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
टपकेश्वर महादेव मंदिर में पानी भरा, तमसा नदी उफान पर
स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “सुबह करीब 4:45 बजे पानी गुफा में घुस आया, बाद में जब जलस्तर बढ़ने लगा तो यह 10-12 फीट तक बढ़ गया। पानी ‘शिवलिंग’ के ऊपर तक पहुंच गया, किसी तरह हमने रास्ता बनाया और रस्सी की मदद से ऊपर आ गए।
ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का रौद्र रूप, एनडीआरएफ ने लोगों को बचाया
ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। इससे आसपास खड़े कई वाहन पानी में फंस गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ गाड़ियां बहने की स्थिति में आ गईं। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। अब तक कई लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर पुल क्षतिग्रस्त
लगातार बारिश के कारण देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे भी प्रभावित हुआ है। फन वैली और उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के पास बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हाईवे पर लंबा जाम लग गया है और प्रशासन वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने में जुटा है। इस क्षति से प्रदेश की लाइफलाइन माने जाने वाले इस मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।








