best news portal development company in india

हथियारों की तस्करी और हवाला नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार, 10 पिस्टल और 2.5 लाख कैश

SHARE:

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी और हवाला नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 10 पिस्टल और 2.5 लाख रुपये कैश बरामद हुआ है। 

चंडीगढ़।  अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि शातिर सीमा पार (पाकिस्तान) से अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल थे। पुलिस ने उनसे 10 उन्नत हथियार जब्त किए हैं, जिनमें 3 पीएक्स5 .30 बोर, 3 ग्लॉक 9एमएम, 1 बरेट्टा 9एमएम और 3 .30 बोर शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों से 2.5 लाख हवाला राशि भी बरामद हुई है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों का पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क था, जिनके जरिये वे अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर राज्य में शांति माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे। आरोपियों की पहचान अमृतसर के अजनाला के गांव माझी माओ निवासी अमरजीत बाऊ, तरनतारन के बॉर्डर एरिया के गांव निवासी मनवीर सिंह और मोहम्मद तौफीक खान उर्फ बबलू के तौर पर हुई है। मोहम्मद तौफीक खान मुंबई का रहने वाला है और हवाला नेटवर्क का मुख्य शातिर है। यह पंजाब के अलग-अलग शहरों में किराये पर रहता था और हवाला के जरिये विदेश में पैसा भेजता था।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना पर अमरजीत उर्फ बावा को गिरफ्तार कर उसके पास से एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गई। उसकी निशानदेही पर मनबीर सिंह को 9 पिस्तौल समेत दबोच लिया गया। जांच में पता चला कि दोनों का एक साझा पाकिस्तानी हैंडलर है, जो ड्रोन के जरिये हथियारों की खेप भारतीय क्षेत्र में भेजता था।

पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि मुंबई निवासी तौफीक खान हवाला के जरिये कमाई गई रकम पाकिस्तान भेजता था और पंजाब के अलग-अलग शहरों में किराए पर रहकर नेटवर्क को संचालित करता था। उसे 2.5 लाख रुपये हवाला राशि सहित गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में गेट हकीमा थाना, अमृतसर में एफआई दर्ज की गई है। पुलिस ने पूरे नेटवर्क को उजागर करने और सीमा पार के लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई